-पंचायत के बाद सफाई कर्मियों ने शहर में जुलूस निकाल कर किया प्रदर्शन

-आउट सोर्स पर आए सफाई कर्मचारियों के साथ की बदसलूकी

Meerut: ब्रह्मापुरी स्थित भगवतपुरा में बुलाई गई वाल्मीकि समाज की बैठक के बाद सफाई कर्मियों ने शहर में जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान सफाई कर्मियों ने नगर निगम और प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए शोषण का आरोप लगाया। सफाई कर्मियों ने इस बीच भूमिया पुल पर सफाई कर रहे बाहरी कर्मचारियों के साथ बदसलूकी करते हुए सफाई अभियान रुकवा दिया।

शहर में जुलूस

भगवतपुरा में वाल्मीकि समाज की बैठक को संबोधित करने के बाद सभी सफाई कर्मियों ने जुलूस निकाला। भगवतपुरा से नगर निगम व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बड़ी तदाद में सफाई कर्मचारी कबाड़ी बाजार होते हुए घंटाघर पहुंचे। घंटाघर पर कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए हड़ताल जारी रखने की घोषणा की। इसके बाद जुलूस की शक्ल में निकले कर्मचारी नगर निगम दफ्तर पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया। धरने में शामिल पुरुष व महिला कर्मचारियों ने हाथ में झाड़ू लेकर कार्य बहिष्कार का ऐलान किया।

अब बाहरी कर्मचारी बने निशाना

जुलूस के दौरान निगम संविदा सफाई कर्मचारियों में बाहरी सफाई कर्मियों के प्रति आक्रोश दिखाई पड़ा। सफाई कर्मियों ने भूमिया का पुल पर सफाई कर रहे बाहरी कर्मचारियों के साथ बदसलूकी कर उन्हें वहां से भगा दिया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने स्थिति संभालते हुए बामुश्किल टकराव की स्थिति पर काबू पाया।

Posted By: Inextlive