-जल संसाधन और आपदा प्रबंधन विभाग को किया अलर्ट, दीघा होते हुए हाजीपुर पहुंचे सीएम नीतीश कुमार

-गांधी मैदान से लेकर दीघा घाट तक बनी सुरक्षा दीवार का भी किया मुआयना

PATNA: गुरुवार को सीएम नीतीश कुमार ने पटना में गंगा और हाजीपुर में गंडक के बढ़ते जल स्तर के निरीक्षण के बाद अफसरों को अलर्ट रहने का आदेश दिया है। साथ ही पटना में गांधी मैदान से लेकर दीघा घाट तक बनी सुरक्षा दीवार का भी सीएम ने मुआयना किया और मौजूद अफसरों को कई जरूरी निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ दोनों जिलों के प्रशासन को भी अलर्ट किया गया है। शुक्रवार को सीएम बक्सर से लेकर भागलपुर तक गंगा के बढ़े जलस्तर का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। वहीं मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की सुबह जलस्तर में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

जलस्तर का किया मुआयना

सीएम अपने निरीक्षण कार्यक्रम के तहत सबसे पहले दीघा के पाटी पुल घाट पहुंचे। कुछ देर रुकने के बाद जेपी सेतुसे हाजीपुर पहुंचे और गंडक पुल से गंडक नदी के जल प्रवाह का निरीक्षण किया। इसके बाद वह गांधी सेतु पहुंच गए और पाया नंबर 30 के पास कुछ देर रुक कर गंगा नदी के जलस्तर का मुआयना किया.गांधी सेतु के बाद मुख्यमंत्री राजधानी स्थित गांधी घाट पहुंचे। यहां उन्होंने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ विमर्श किया। बढ़े हुए जलस्तर के बारे में बातें की। इस मौके पर उन्हें गंगा नदी के अलावा सोन, गंडक व घाघरा के जलस्तर की स्थिति के बारे में बताया गया। उत्तराखंड में हो रही बारिश की भी उन्हें जानकारी दी गई।

पानी खतरे के निशान से ऊपर

सीएम ने पत्रकारों से बातचीत के क्रम में कहा कि हमने निरीक्षण के क्रम में यह देखा कि कई जगह जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। जलस्तर बढ़ भी सकता है। इसके लिए अलर्ट रहना पड़ेगा। वर्ष 2016 में गंगा नदी के दोनों किनारे के बारह जिले बाढ़ से प्रभावित हुए थे। इसलिए सचेत रहना जरूरी है।

सीएम ने गांधी मैदान से दीघा घाट के बीच बने बाढ़ सुरक्षा दीवार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां निरंतर निगरानी के लिए अधिकारियों की तैनाती का निर्देश दिया। बालू की बोरियों की संख्या और बढ़ाने को कहा। मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव कुमार हंस, सचिव अनुपम कुमार, पटना व वैशाली के डीएम-एसपी भी मौजूद थे।

गांधी सेतु का मरम्मत कार्य बंद

गंगा का जलस्तर बढ़ने से गांधी सेतु के पश्चिमी लेन के सुपर स्ट्रक्चर का चल रहा निर्माण कार्य बंद किया गया है। गुरुवार को यह जानकारी सेतु डिविजन के कार्यपालक अभियंता बीरेंद्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि पानी में करंट अधिक होने से निमार्ण एजेंसी को काम करने में व्यवहारिक दिक्कतें आ रही थी। सुरक्षा कारणों से काम को बंद कर दिया गया है। जबकि दूसरी ओर निर्माण कार्य में लगे बार्ज में पोंटून की जोरदार टक्कर से छेद हो गया। बार्ज में धीरे-धीरे पानी प्रवेश करने के कारण गुरुवार की सुबह गायघाट के पास गंगा में वह डूब गया। डूबते बार्ज को बचाने के लिए अभियंताओं एवं कर्मियों ने घंटों प्रयास किया। तीन टग जहाज को भेजा गया लेकिन धार तेज होने के कारण बार्ज बहता हुआ आगे निकल गया।

Posted By: Inextlive