- 18 स्थायी और 12 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए

- 78700 रुपये का जुर्माना अभियान के दौरान वसूला गया

आगरा। नगर निगम की टीम ने मंगलवार दोपहर को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान साढ़े छह घंटे चले अभियान में 18 स्थायी और 12 अस्थायी अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान टीम ने 78700 रुपये का जुर्माना वसूला। कार्रवाई के विरोध में जमकर हंगामा हुआ। कई दुकानदार जेसीबी के सामने आ गए। निगम के अफसरों ने किसी तरीके से स्थिति को संभाला।

टीम को देखकर मची भगदड़

नगर निगम की टीम सबसे पहले भावना एस्टेट पहुंची। यहां पर फुटपाथ और रोड पर कब्जा करने वालों को हटाया गया। फिर टीम केके नगर पहुंची। टीम को देख दुकानदार ठेल लेकर भागने लगे। इन पर जुर्माना लगाया गया। यहां पर स्थायी और अस्थायी दुकानों को तोड़ा गया। प्रभारी अधिकारी कर्नल एके सिंह टीम के साथ फ्रेंड्स कॉलोनी तोता का ताल, मदिया कटरा पहुंचे। क्षेत्र में दो घंटे तक अभियान चलाया गया। आधा दर्जन दुकानों से डेढ़ किग्रा पॉलीथिन जब्त की गई। दुकानदारों से 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। कर्नल एके सिंह ने बताया कि 18 स्थायी और 12 अस्थायी अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। 67700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। दिनभर चले अभियान में कुल 78700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

Posted By: Inextlive