नगर निगम जल्द ही हाउस टैक्स निर्धारण कर जमा करने की सुविधा एप के माध्यम से देने जा रहा है.

3.30 लाख घर किए गए चयनित

60 करोड़ हाउस टैक्स वसूली का लक्ष्य

25 करोड़ ही हो सकी है अभी तक वसूली

आगरा(ब्यूरो)। नगर निगम जल्द ही हाउस टैक्स निर्धारण कर जमा करने की सुविधा एप के माध्यम से देने जा रहा है। अगले महीने नगर निगम हाउस टैक्स को लेकर एप जारी कर सकता है। बता दें कि नगर निगम ने हाउस टैक्स जमा करने की ऑनलाइन व्यवस्था कर दी है, लेकिन उसका प्रचार-प्रसार न होने से लोगों को जानकारी नहीं है। इसके चलते लोग ऑनलाइन टैक्स जमा करने की सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर गलत हाउस टैक्स बनाने की कंप्लेन आए दिन नगर निगम में आती रहती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए एप लान्च किया जा रहा है।

एप से अपने आप तैयार कर सकेंगे हाउस टैक्स
एप के माध्यम से लोग खुद ही हाउस टैक्स तैयार कर सकेंगे। इसे प्ले स्टोर से डाउनलोड कर उसमें जैसे ही डिटेल फिल करेंगे, तो आपके हाउस का टैक्स डिसप्ले होगा। आप एप के माध्यम से हाउस टैक्स जमा कर सकेंगे। इसके लिए आपको प्रिंट निकालकर नगर निगम में जमा करना होगा। गलत हाउस टैक्स को लेकर नगर निगम राजस्व विभाग में कंप्लेन के तमाम प्रार्थना पत्र आते रहते हैं। बता दें कि वर्ष 2010 में हाउस टैक्स में 20 फीसदी का इजाफा किया गया था। वर्तमान में 58 पैसे से लेकर 1.20 रुपये प्रति फीट कवर्ड एरिया के हिसाब से हाउस टैक्स लिया जाता है।

60 करोड़ रुपये का लक्ष्य, वसूले 25 करोड़
नगर निगम द्वारा मौजूदा वित्तीय वर्ष में 60 करोड़ रुपये का हाउस टैक्स वसूली के लिए लक्ष्य निर्धारित किया था, लेकिन निगम के अफसर अभी तक 25 करोड़ रुपये का राजस्व ही वसूल कर पाए हैं। नगर निगम की सीमा में 3.30 लाख भवन हैं। इसके सापेक्ष राजस्व वसूली नहीं हो सकी है। वर्ष 2019 में 3.30 लाख भवन स्वामियों के सापेक्ष 60 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके तहत 25 करोड़ की वसूली ही हो सकी। 2018-19 में 2.50 लाख भवन स्वामियों के सापेक्ष 50 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया। 2017-18 में 1.80 लाख भवन स्वामियों के सापेक्ष 25 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके सापेक्ष 50, 30 और 21 करोड़ की वसूली हो पायी थी।

Posted By: Inextlive