- 15 से 20 करोड़ का नुकसान हुआ पेठा व्यापार को

आगरा। आगरा का पेठा व‌र्ल्ड फेमस है, आगरा के पेठे की डिमांड पूरे इंडिया में है और विदेश तक इसे ख्याति प्राप्त है। आगरा के पेठे की विशेष वैरायटी की रेंज लोगों को काफी पसंद आती है। लॉकडाउन के कारण आगरा का पेठा व्यापार पूरी तरह से ठप हो गया। पेठा व्यापारियों का कहना है कि लॉकडाउन और कोरोनावायरस का असर आगे भी लंबे समय तक रहेगा। फिलहाल जो नुकसान हम झेल रहे हैं उससे कहीं ज्यादा असर आने वाले दिनों में देखने को मिल सकता है। आगरा के पेठा व्यापार को करोड़ो का नुकसान हुआ है।

लाखों का तैयार माल हुआ खराब

लॉकडाउन के कारण आगरा के पेठा व्यापारियों का लाखों का तैयार माल खराब हो गया। पेठा व्यापारी बताते हैं कि किसी को ये अंदेशा नहीं था कि इतने लंबे समय के लिए लोग अपने घरों में कैद हो जाएंगे। आम दिनों में हर व्यापारी के पास सैकड़ों किलो से ज्यादा माल दुकानों और गोदामों में स्टॉक रहता है। ये माल तेजी से सप्लाई होता है। लेकिन लॉकडाउन अचानक लग गया और पेठे की लाइफ ज्यादा लंबी नहीं होती है। इस कारण लाखों रुपये का पेठा खराब हो गया है।

कुछ पेठा बंटवा दिया गया

पेठा व्यापारी बताते हैं कि लॉकडाउन के शुरूआती दिनों में फ्लेवर्ड पेठा आम लोगों में बंटवा दिया गया। जब बड़ी संख्या में मजदूर सड़कों पर थे तो काफी बड़ी तादाद में बंटवा दिया गया। लेकिन इसके बावजूद भी हजारों किलो पेठा गोदामों में खराब हो चुका है। पंछी पेठा के अमित जी बताते हैं कि हमने सोचा था कि सूखा पेठा तो आगे काम में आ जाएगा, लेकिन लॉकडाउन की अवधि बढ़ने के बाद सूखा पेठा भी खराब हो चला है।

एक हजार व्यापारी हैं आगरा में पेठे के

आगरा में एक हजार से ज्यादा पेठे की दुकानें हैं। इन सभी की अपनी-अपनी फैक्ट्रियां हैं, जहां पर पेठा बनता है। हर व्यापारी के यहां पर डेली हजार किलो से ज्यादा पेठे की खपत है, लेकिन अब पिछले तीस दिनों से ज्यादा समय से बंद पड़ी है। इन सभी फैक्ट्रियों में कम से कम 20 लोग काम करते हैं। इस वक्त सभी लोगों को घर पर बैठना पड़ रहा है।

आढ़तियों का पेठा भी हुआ खराब

आगरा में कच्चे पेठे की सप्लाई आढ़तिये करते हैं। आगरा में 25 से 30 पेठे के आढ़तिये हैं। इन सभी के पास एक-एक गाड़ी पेठा हमेशा स्टॉक में रहता है। इन लोगों का पेठा भी एक महीने में खराब हो चला है। ये आढ़तिये किसानों से पेठे का फल खरीदते हैं और व्यापारियों को सप्लाई करते हैं।

करोड़ों का हो रहा नुकसान

आगरा में एक हजार पेठा व्यापारी हैं। ये सभी डेली हजारों किलो पेठा सप्लाई करते हैं। खराब हुए पेठे की कीमत लगाई जाए और इसके बाद डेली टर्नओवर की यदि बात की जाए तो आगरा के पेठा व्यापारियों को 15 से 20 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। आने वाले दिनों में ये व्यापारियों के लिए चुनौती बनकर सामने आएगा।

व्यापार को खड़ा करने में हो रही मुश्किल

3 मई के बाद लॉकडाउन खुलने के आसार दिखते हैं। यूं तो आगरा में कोरोनावायरस के पेशेंट्स लगातार सामने आ रहे हैं। यदि लॉकडाउन जल्दी खुल भी जाता है तो पेठा व्यापारियों के लिए नए सिरे से व्यापार को शुरू करना होगा। पूरा पुराना माल खराब हो चुका है। नया माल खरीदना होगा और बनाना होगा। पेठा व्यापार समिति के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र गोयल बताते हैं कि आने वाले दिनों में पेठा उद्योग के लिए चुनौती होंगी। लॉकडाउन के कारण अर्थव्यवस्था डगमगा सकती है। लोगों के पास खर्च करने के लिए पैसे नहीं होंगे। वे पहले अपने लिए जरूरी सामान जुटाएंगे। इसके बाद ही वे पेठे या मिठाईयों पर ध्यान देंगे। पहले तो वे अपने खाने-पीने का प्रबंध करेंगे। इसलिए पेठे के खरीददार आम दिनों के मुकाबले आने वाले टाइम में कम हो सकते हैं। सुभाष गोयल बताते हैं कि अगले एक से डेढ़ साल तक व्यापार मंदा रहने की संभावना हैं।

वर्जन

अचानक लगे लॉकडाउन के कारण तैयार पेठा दुकानों और गोदामों में ही खराब हो गया। शुरूआती दिनों में काफी सारा पेठा बंटवा दिया गया। लेकिन फिर भी लाखों का पेठा खराब हो गया है।

-अमित गोयल, पंछी पेठा

आगरा के पेठा व्यापार को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ा है। जो माल खराब हुआ सो हुआ, व्यापार बंद होने से कितना नुकसान हुआ है इसका अनुमान लगाना मुश्किल है।

-सुभाष चंद्र गोयल, उपाध्यक्ष, पेठा व्यापार समिति

आने वाले दिनों में भी पेठा व्यापार में मंदी रहने की आशंका है। लॉकडाउन खुलने के बाद लोगों के पास पैसे नहीं होंगे। वे पहले अपनी जरूरत के सामान जुटाएंगे। पेठे जैसी चीजें उनके लिए सेकेंडरी होंगी। इसलिए अगले एक साल तक व्यापार में मंदी छाए रहने की संभावना है।

-लक्ष्मी नारायण, अध्यक्ष, पेठा व्यपार समिति

यह भी जानें

01 हजार से ज्यादा पेठा व्यापारी हैं आगरा में

01 हजार से ज्यादा पेठा फैक्ट्री हैं आगरा में

20 हजार से ज्यादा लोगों को मिलता है पेठा व्यापार से रोजगार

30 आढ़तियें हैं पेठा मंडी में

30 गाड़ी कच्चा पेठा हुआ खराब

20 करोड़ का अनुमान है पेठा व्यापार को नुकसान का

Posted By: Inextlive