कोराेना वायरस महामारी में उत्तर प्रदेश के आगरा शहर की स्थिति गंभीर है। यहां कोरोना वायरस के 335 मामले सामने आ चुके हैं। अधिकारियों ने शहर के 86 इलाकों को हॉटस्पॉट के रूप में भी सील किया है।

आगरा (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की ताजनगरी आगरा में भी कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक स्वास्थ्य अधिकारी के मुताबिक गुरुवार को यहां कोविड-19 के 19 नए पाॅजिटिव मामलों के साथ संख्या 335 पहुंच गई है। कम से कम 100 लोग तो ऐसे हैं जो निजी अस्पतालों में कोविड-19 रोगियों के संपर्क में आने के बाद कोरोना वायरस पाॅजिटिव निकले। वहीं 35 लोगों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता और उनके करीबी परिवार के सदस्य शामिल हैं। यहां अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है।

फतेहपुर सीकरी में 35 मामले कोरोना पाॅजिटिव

स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, फतेहपुर सीकरी में 35 मामले कोरोना पाॅजिटिव पाए गए। वहीं 26 फाॅरेन रिटर्नर्स कोरोना पाॅजिटिव निकले हैं। पिछले महीने दिल्ली में तब्लीगी जमात के एक सभा में भाग लेने वाले 104 सदस्यों में से भी कई वायरस से संक्रमित पाए गए। आगरा प्रशासन ने गुरुवार को हिंदुस्तान कॉलेज में क्वाॅरंटीन सेंटर बनाया जहां एक साथ 500 लोग ठहर सकते हैं। कम्युनिटी किचन में उनके लिए खाना तैयार होगा। अधिकारियों ने शहर के 86 इलाकों को हॉटस्पॉट के रूप में भी सील किया है।

उत्तर प्रदेश के करीब 10 जिले कोरोना फ्री हो गए

हालांकि इस बीच एक राहत भरी खबर आ रही है कि उत्तर प्रदेश के करीब 10 जिले कोरोना फ्री हो गए हैं। इसमें पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, हाथरस, बरेली, प्रयागराज, शाहजहांपुर, महराजगंज, बाराबंकी, हरदोई और कौशांबी जिले हैं। इन जिलों में इस समय कोई भी कोरोना वायरस के सक्रिय मामले नहीं हैं। हालांकि इन 10 जिलों का प्रशासन अभी भी अलर्ट है। उत्तर प्रदेश में कोराेना वायरस के मामले 1449 पहुंच गए हैं। प्रदेश भर में करीब 21 लोगों की कोरोना वायरस की चपेट में आने से माैत चुकी है।

Posted By: Shweta Mishra