स्वामी अवधूतानंद महाविद्यालय की मुख्य परीक्षा 2015-16 के परीक्षा शुल्क में पकड़ा गया था खेल

विवि कर्मचारियों की मिलीभगत से चैक जमा कर 34 लाख विवि के खाते में नहीं किए गए ट्रांसफर

आगरा। आंबेडकर विवि ने परीक्षा शुल्क घोटाले में शामिल कॉलेज और विवि के कर्मचारियों पर शिकंजा कस दिया है। विवि प्रशासन ने 34 लाख के परीक्षा शुल्क घोटाले में स्वामी अवधूतानंद महाविद्यालय, मैनपुरी की मान्यता समाप्त करने और सत्र 2019-20 की परीक्षा अन्य विवि में कराने का नोटिस दिया था। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने 34 लाख शुल्क जमा कर दिया है। विवि द्वारा घोटाले में शामिल कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।

विवि से संबद्ध स्वामी अवधूतानंद महाविद्यालय, मैनपुरी को मुख्य परीक्षा 2015-16 का 34 लाख का परीक्षा शुल्क जमा करना था। नौ फरवरी 2018 को कॉलेज प्रबंधन ने 34.23 लाख की धनराशि का चैक संख्या 034111, बैंक स्लिप के साथ विवि में जमा किया गया। 31 अक्टूबर 2019 को विवि की बैलेंस सीट का मिलान किया गया, इसमें विवि के खाते में 34 लाख रुपये नहीं आए थे। इस बारे में इलाहाबाद बैंक, मैनपुरी से जानकारी की गई, लेकिन महाविद्यालय के खाते से विवि के खाते में धनराशि ट्रांसफर ना करने की जानकारी दी गई। ऐसे में कुलसचिव केएन सिंह द्वारा स्वामी अवधूतानंद महाविद्यालय, मैनपुरी के सभी पाठ्यक्रमों की संबद्धता प्रत्याहरण करने और सत्र 2019-20 की परीक्षा अन्य महाविद्यालय में कराने का नोटिस दिया था। पीआरओ डॉ। गिरजा शंकर शर्मा ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन से 34 लाख का शुल्क जमा कर दिया है। परीक्षा शुल्क घोटाले में शामिल कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कॉलेज से 18 फीसद ब्याज भी ली जाएगी।

एक ही मैनेजमेंट के पांच कॉलेज, दूसरे कॉलेज के नाम से जमा हुआ शुल्क

विवि प्रशासन की जांच में सामने आया है कि स्वामी अवधूतानंद महाविद्यालय संचालित कर रहे प्रबंधन के चार और महाविद्यालय हैं। विवि में दो 34 लाख शुल्क जमा करने के लिए दो ड्राफ्ट जमा किए गए हैं। ये दोनों ड्राफ्ट में आवेदक के नाम पर एमजीआर राम सिंह महाविद्यालय दर्ज है।

24 बीएड कॉलेजों ने जमा किया 41 लाख परीक्षा शुल्क

विवि ने बकाया परीक्षा शुल्क पर सख्ती कर दी है। पीआरओ डॉ। गिरजा शंकर शर्मा ने बताया कि 21 बीएड कॉलेजों ने 41 लाख बकाया परीक्षा शुल्क जमा कर दिया है। शुल्क जमा ना करने वालों को नोटिस दिए जा रहे हैं।

Posted By: Inextlive