RANCHI: महानगरों और मेडिकल हब के रूप में स्थापित शहरों के लिए एयर एंबुलेंस की सेवा अब आसान हो गई है। रांची से दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई के अलावा वेल्लोर के लिए भी एक और एयर एंबुलेंस की सेवा शुरू हुई है, जो क्रिटिकल मरीजों को तत्काल दूसरे शहरों के बड़े हॉस्पिटल्स में ले जाने के लिए काफी कारगर साबित हो रही हैं। बेशक, इनकी सेवाएं महंगी हैं लेकिन आर्थिक रूप से संपन्न लोग अपने परिवार के सदस्यों के गंभीर रूप से बीमार होने की स्थिति में इस सेवा का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी कड़ी में यहां से नई एयर एंबुलेंस सेवा किंग एयर के नाम से शुरू हुई है, जो विभिन्न शहरों में स्थित बड़े अस्पतालों तक मरीजों को पहुंचाएगी।

औसतन दो मरीज ले रहे सेवा

रांची में लोगों को इस नई सर्विस के बारे में जैसे ही जानकारी मिल रही है वे संबंधित एजेंसी से इसके बारे में क्वेरी भी करना शुरू कर दे रहे हैं। अभी हर महीने में एक या दो मरीजों को एयर एंबुलेंस एजेंसी दूसरे शहरों तक पहुंचा रही है। अभी तक रांची में इस फील्ड में कोई कॉम्पटीशन नहीं था, इसलिए एयर एंबुलेंस का फेयर भी ज्यादा था। चूंकि अब दो और कंपनियां इस फील्ड में उतर गई हैं। इससे यह कयास लगाया जा रहा है कि मरीजों को कम रेट में दिल्ली या अन्य शहरों के लिए ले जाना आसान होगा।

दिल्ली के लिए सबसे कम फेयर

रांची से दिल्ली के लिए एयर एंबुलेंस की सेवा करीब पांच लाख रुपए में मिलती है। एयर एंबुलेंस के जरिए मरीज को किसी भी शहर में ले जाने की यह सबसे कम फीस है। हालांकि, चेन्नई या वेल्लोर के लिए यह सेवा अब भी महंगी ही है। रांची से एयर एंबुलेंस सर्विस प्रोवाइड कराने वाले जैन एविएशन के निपुण जैन बताते हैं कि जितनी भी एयर एंबुलेंस रांची आती हैं सभी दिल्ली से ही यहां पहुंचती हैं, इसलिए रांची से दिल्ली का फेयर कम है। बाकि रांची से मुम्बई, कोलकाता या चेन्नई जाने के लिए एंबुलेंस को पहले दिल्ली से रांची आना होता है उसके बाद दूसरे शहरों के लिए भेजा जाता है।

डॉक्टरों की रहती है टीम

एयर एंबुलेंस से जिन मरीजों को इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में भेजा जा रहा है, उस एयर एंबुलेंस में डॉक्टरों की टीम रहती है जो मरीज का ट्रीटमेंट करते हुए लेकर जाती है। इस एंबुलेंस में एक्सपर्ट नर्स और टेक्निशियन की टीम रहती है जो मरीज का देखरेख करती है।

रांची से यह है किराया

रांची से दिल्ली - 5 से साढ़े पांच लाख रुपए

रांची से मुम्बई -8 से 9 लाख रुपए

रांची से चेन्नई - 11 से 12 लाख रुपए

रांची से कोलकाता - 6 से 7 लाख

रांची से वेल्लोर - 7 से 8 लाख रुपए

वर्जन

रांची शहर से एयर एंबुलेंस सेवा की डिमांड बढ़ी है। इसलिए अब रांची में भी कई नई कंपनियां एयर एंबुलेंस सेवा शुरू कर रही हैं।

निपुण जैन, जैन एविएशन, रांची

Posted By: Inextlive