10 दिसंबर से वाया कानपुर आएगी दिल्ली-इलाहाबाद फ्लाइट

कानपुर से इलाहाबाद के लिए उड़ान भरने का पैसेंजर्स को मिलेगा मौका

ALLAHABAD: एयर इंडिया ने छोटे शहरों के बीच हवाई सेवा की शुरुआत तो अभी नहीं की है, लेकिन दिल्ली टू इलाहाबाद की फ्लाइट में दस दिसंबर से यह सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। यह फ्लाइट अब दिल्ली टू इलाहाबाद वाया कानपुर उड़ान भरेगी। इसमें कानपुर से इलाहाबाद की छोटी यात्रा के लिए उड़ान भरने का मौका पैसेंजर्स को मिलेगा।

सप्ताह में तीन दिन मिलेगी फ्लाइट

एयर इंडिया की मार्निग फ्लाइट 9619 सप्ताह में चार दिन दिल्ली से इलाहाबाद के लिए उड़ान भरती है। फ्लाइट सुबह 9.25 बजे बम्हरौली एयरपोर्ट पर लैण्ड करती है और 9.50 बजे इलाहाबाद से वापस दिल्ली के लिए टेक ऑफ करती है। लेकिन दस दिसंबर से यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन वाया कानपुर होकर इलाहाबाद आएगी। खास बात यह है कि कानपुर से इलाहाबाद तक हवाई सफर के लिए भी यात्रियों को इस फ्लाइट में टिकट मिल सकेगा। वहीं कानपुर से दिल्ली जाने वाले यात्री वाया इलाहाबाद होते हुए देश की राजधानी के लिए उड़ान भर सकेंगे।

बदलेगा फ्लाइट का समय

नई व्यवस्था के तहत दिल्ली से वाया कानपुर इलाहाबाद के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट कानपुर में सुबह 9.20 पर लैण्ड करेगी। वहां से 9.50 पर टेक ऑफ कर 10.10 पर इलाहाबाद में बम्हरौली एयरपोर्ट पर लैण्ड करेगी। आधा घंटे बाद 10.40 यह फ्लाइट सीधे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। अभी तक यह फ्लाइट इलाहाबाद में सुबह 9.25 मिनट पर लैण्ड करती थी। नई व्यवस्था से लैंडिंग के समय में 35 मिनट का फर्क आया है।

एयर इंडिया 10 दिसंबर से फ्लाइट नंबर 9619 को दिल्ली टु इलाहाबाद वाया कानपुर चलाने जा रही है। इससे कानपुर के पैसेंजर्स भी इस फ्लाइट से दिल्ली तक आ-जा सकेंगे। फ्लाइट से कानपुर से इलाहाबाद तक की भी उड़ान भरी जा सकेगी।

एसआर मिश्रा

मैनेजर, बम्हरौली

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया

Posted By: Inextlive