8 मार्च को जब पूरी दुनिया 'इंटरनेशनल वुमेंस डे' सेलीब्रेट कर रही है। ऐसे में एयर इंडिया की भारतीय महिला चालक दल ने विश्‍व की सबसे लंबी उड़ान भरकर नया कीर्तिमान रच दिया। इस विमान ने 14500 किमी की दूरी तय की।

17 घंटे तक रहे हवा में
सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया ने महिला सशक्तीकरण का उदाहरण पेश किया। एयर इंडिया की विश्व की सबसे लंबी उड़ान का संचालन केवल महिलाओं ने किया। इस विमान ने छह मार्च को नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को की नॉन-स्टॉप उड़ान भरी थी। एयर इंडिया के मुताबिक, विमान ने 14,500 किलोमीटर की दूरी करीब 17 घंटे में पूरी की। इस उड़ान का संचालन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह के हिस्से के तौर किया गया। इस साल पहली बार चालक दल से लेकर केबिन क्रू, चेक-इन स्टाफ, डॉक्टर, कस्टमर केयर स्टाफ, एटीसी और ग्राउंड हैंडलिंग सभी का संचालन केवल महिलाओं ने किया। विमान की कमान क्षमता वाजपेयी और शुभांगी सिंह के हाथ में थी। उनके साथ थीं फर्स्ट आफिसर राम्या कीर्ति गुप्ता और अमृत नामधारी।
यह है ऐतिहासिक उड़ान
एयर इंडिया के सीएमडी अश्विनी लोहानी ने इसे ऐतिहासिक उड़ान बताया। उन्होंने कहा कि यह सभी महिला क्रू संचालित सबसे लंबी उड़ान थी। यह महिला सशक्तीकरण का प्रतीक है। लोहानी ने कहा कि एयर लाइन का महिलाओं के प्रति अपार सम्मान है। एयर इंडिया में करीब 3,800 महिला कर्मचारी हैं। इनमें पायलट, केबिन क्रू, इंजीनियर, डॉक्टर, सुरक्षाकर्मी और एक्जीक्यूटिव शामिल हैं।

inextlive from Business News Desk

 

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari