रांची सहित छह हवाई अड्डों पर लगाई गई रोक

रांची : रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डा और पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सहित देश के छह एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के विमानों में ईधन आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है। तेल कंपनियां की ओर अत्यधिक बकाया होने की वजह से यह रोक लगाई गई है। हालांकि ईधन की आपूर्ति पर रोक लगाए जाने के बाद भी बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से एयर इंडिया के विमानों के उड़ान पर अब तक कोई असर नहीं पड़ा है। रांची और पटना के अतिरिक्त जिन अन्य चार हवाई अड्डों पर ईंधन आपूर्ति पर रोक लगी है उनमें कोच्चि, विजाग, पुणे व मोहाली शामिल हैं।

जरूरत पड़ी तो प्रॉब्लम

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि रांची में एयर इंडिया के विमान को ईधन लेने की जरूरत नहीं पड़ रही है, लेकिन वर्तमान स्थिति में एयर इंडिया के विमान को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर ईधन की जरूरत पड़ी तो समस्या खड़ी होगी। बताया कि पूर्व में भी एयर इंडिया के विमान को जरूरत पड़ने पर ही ईधन की आपूर्ति की गई है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया के अधिकारियों से शुक्रवार को इस मामले में बातचीत भी की गई है। आश्वासन मिला है कि एक-दो दिन में समस्या का समाधान हो जाएगा। फिलहाल एयर इंडिया का विमान दिल्ली से ही ईधन लेकर आ रहा है। इसी प्रकार कोलकाता-भुवनेश्वर-रांची-रायपुर के लिए एयर इंडिया का विमान अन्य एयरपोर्ट से ही आवश्यकतानुसार ईधन लेकर रांची आ रहा है।

------

बकाया काफी ज्यादा, इसलिए नहीं मिल रहा फ्यूल : एयरपोर्ट निदेशक

एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने कहा कि वर्तमान में विमानों को रांची एयरपोर्ट पर इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम द्वारा जेट फ्यूल की सप्लाई की जाती है। एयर इंडिया पर इन कंपनियों का बकाया काफी ज्यादा है। इस वजह से ईधन देने से इन कंपनियों ने मना कर दिया है।

----

क्या हो सकती है परेशानी

विमान यदि पर्याप्त फ्यूल न रखें और रांची पहुंचने पर जरूरत पड़ी तो फ्यूल की आपूर्ति नहीं हो पाएगी। ऐसे में विमान को रद करना होगा। नतीजा यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी।

---

रांची से एयर इंडिया के दो विमान लगाते हैं चार फेरे

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से एयर इंडिया का एक विमान एआइ-417/418 (दिल्ली-रांची-दिल्ली) के लिए है, जो प्रतिदिन 12:45 बजे रांची पहुंचता है। 13:25 बजे रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरता है। एयर इंडिया का दूसरा विमान प्रतिदिन सुबह 07:15 बजे कोलकाता से रांची पहुंचता है। फिर 7:35 बजे रांची से भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरता है। उसके बाद 13:20 बजे यह विमान भुवनेश्वर से रांची पहुंचने के बाद 13:50 बजे रांची से रायपुर के लिए उड़ान भरता है। फिर 19:55 बजे रायपुर से रांची पहुंचने के बाद 20:10 बजे रांची से कोलकाता के लिए उड़ान भरता है।

---

Posted By: Inextlive