लबे सड़क रिक्शा रोक कर छेड़खानी कर रहे युवकों से तंग छात्राओं ने पूछा

छात्राओं के शोर मचाने पर दौड़े लोग तो धमकी देते हुए दोनों हो गए फरार

ALLAHABAD: शहर के कुछ कॉलेजों के आसपास का एरिया हो या चौराहे, छिछोरे युवकों से परेशान युवतियों के मुंह से अक्सर 'तेरे घर में मां बहन नहीं हैं क्या?' जैसी बातें सुनने को मिलती रहती हैं। सोमवार को अल्लापुर में एक बार फिर छेड़खानी से परेशान रिक्शे पर बैठीं छात्राओं को यह बात दोहरानी पड़ी। हुआ यूं कि रिक्शे से छात्राएं कहीं जा रही थीं। अचानक सड़क पर बाइक से पहुंचे युवकों ने रिक्शे को रोक लिया। रिक्शा रुकते ही वे छात्राओं से छेड़खानी करने लगे। जान आफत में देख छात्राएं शोर मचाने लगीं। उनकी आवाज सुन लोग दौड़े तो शोहदे चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी देते हुए फरार हो गए। छात्राओं के चाचा ने जार्जटाउन थाने में आरोपी शानू धूरिया व नयाब के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही है।

चाचा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज

जार्जटाउन थाना निवासी एक व्यक्ति की दो बेटियां पास के एक स्कूल में पढ़ती हैं। एक हाईस्कूल व दूसरी आठवीं की छात्रा है। दोनों एक साथ रिक्शे से स्कूल आती व जाती हैं। छात्राओं का आरोप है कि अल्लापुर का शानू पुत्र प्रकाशचंद्र व दारागंज का नयाब पुत्र अच्छे मियां अक्सर उनका पीछा करते थे। पीछा करते हुए सीटी बजाना व उन पर अश्लील कमेंट करना उनकी नीयत बन गई थी। सोमवार को भी वे अल्लापुर एरिया में बीच सड़क पर छात्राओं का रिक्शा रोक कर दोनों उनका हाथ पकड़ने की कोशिश करने लगे। इस पर दोनों शोर मचाने लगीं। आवाज सुन लोग दौड़े तो दोनों चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी देते हुए भाग निकले। घर पहुंच कर छात्राओं ने जानकारी परिजनों को दी। छात्राओं के चाचा की तहरीर पर दोनों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर प्रत्यक्ष दर्शियों की मानें तो छात्राओं ने जब 'तेरे घर में मां बहन नहीं हैं क्या?' कहा तो दोनों आगबबूला हो गए।

बॉक्स

घर में घुसकर महिला से छेड़खानी

दारागंज थाना क्षेत्र में की एक महिला से घर में घुसकर छेड़खानी का मामले सामने आया है। महिला के आरोप हैं कि उसका दुपट्टा खींचकर आरोपितों ने उसे धमकी दी है। घटना के बाद महिला के पति ने शक्ति श्रीवास्तव व दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है। आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

वर्जन

तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी, धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है। दोनों के पकड़े जाने पर ही आगे कुछ कह सकते हैं।

संतोष शर्मा, इंस्पेक्टर, जार्जटाउन

Posted By: Inextlive