सड़क, सफाई, पानी, नाला-नाली के साथ सभी व्यवस्थाएं हैं बदहाल, पांच साल में किसी क्षेत्र में नहीं हो पाया विकास कार्य

ALLAHABAD: अंतिम छोर पर बसा वार्ड नंबर आठ नीम सराय शहर का हिस्सा होने के बाद भी शहर की तरह मिलने वाली सुविधाओं से महरूम है। वर्षो से पिछड़ा नीम सराय वार्ड इस कार्यकाल में भी पिछड़ा का पिछड़ा ही रह गया। सड़क, सफाई, बिजली, पानी व नाला-नाली की सुविधा आज तक दुरूस्त नहीं हुई।

वार्ड 8- नीम सराय

निवर्तमान पार्षद- अभय यादव

आबादी - 30,000

वोटर- 20,000

मोहल्ला- मुंडेरा गांव, नीम सराय आवास योजना, बेगम सरांय, बादलपुरवा, शिवपुर हैली, नरेंद्रनगर, चनईपुर का आंशिक भाग, हरवारा का आंशिक भाग

पब्लिक डिमांड

पोंगहट नाले से जोड़ा जाए यदुवंशी स्वीट हाउस से जायसवाल भोजनालय का नाला

जलनिकासी की व्यवस्था का किया जाए इंतजाम, बनाए जाएं नाले

सड़कों व गलियों की कराई जाए मरम्मत

शहर का हिस्सा होने के बाद शहर की तरह मिले सुविधाएं

सड़क- 3-10

नीम सराय की मुख्य सड़कों को छोड़ दिया जाए तो इलाके की ज्यादातर सड़कें व गलियां क्षतिग्रस्त हैं। क्योंकि ग्रामीण एरिया से जुड़ा इलाका होने के कारण नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन को यहां के लोगों की परवाह ही नहीं है। बेगमसराय की रोड उखड़ी हुई है।

पानी- 2-10

मुंडेरा गांव का पूरा इलाका गर्मी, जाड़ा और बरसात बारह महीने पानी की किल्लत झेलता है। लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता है। दो वर्ष पहले मुंडेरा गांव में एक ट्यूबवेल लगवाया गया, जिसे एक दबंग व्यक्ति ने अपने आवास में लगवा लिया। पब्लिक के साथ ही निवर्तमान पार्षद का यही आरोप है।

सफाई-3-10

नीम सराय वार्ड सफाई व्यवस्था के मामले में भी बदहाल है। जगह-जगह कचरे का ढेर लगा रहता है। पर डे कुछ चुनिंदा इलाकों में ही झाड़ू लगता है। अधिकारियों द्वारा भी सफाई व्यवस्था पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया जाता है।

नाला-नाली 3-10

नीमसराय वार्ड की सबसे बड़ी समस्या जलनिकासी की व्यवस्था न होना है। इसकी वजह से हल्की बरसात में भी पूरे इलाके में पानी भर जाता है। यदुवंशी स्वीट हाउस से जायसवाल भोजनालय तक सीएनडीएस द्वारा नाले का निर्माण कराया गया, लेकिन इसका कनेक्शन करने की बजाय अधूरा छोड़ दिया गया।

आवारा पशु-3-10

आवारा पशुओं के आतंक से नीमसराय इलाका सबसे अधिक परेशान है। जहां रोड व गलियों पर ही लोग पशुओं को बांधते हैं। जब शहर में नगर निगम पशुओं को नहीं हटा पा रहा तो फिर ग्रामीण इलाके वाले नीम सराय में कहां से कार्रवाई होगी।

वार्ड बोलता है

नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन का पूरा फोकस बस केवल सिविल लाइंस एरिया पर ही है। जबकि शहर के अन्य एरिया काफी पिछड़े हुए हैं। इनमें नीम सराय भी शामिल है।

अशोक सिंह

बरसात के दिनों में नीमसराय और हरवारा के लोगों का क्या हाल होता है, ये कोई नहीं समझ सकता है। नगर निगम के अधिकारी तब पहुंचते हैं, जब पूरा इलाका पानी में डूब जाता है।

राजेश कुमार

सड़क, सफाई हो या फिर नाला-नाली का निर्माण नीमसराय वार्ड में कोई काम नहीं हुआ है। ग्रामीण बाहुल्य इलाका होने की वजह से नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने इस एरिया को लावारिश छोड़ दिया है।

अभय

Posted By: Inextlive