RANCHI :सरकारी स्कूल शनिवार की सुबह नौ बजे से और प्राइवेट स्कूल सोमवार की सुबह नौ से खुलेंगे। पिछले दो दिनों से रांची मे पड़ रही कड़ाके की ठंढ और शीतलहरी को देखते हुए शुक्रवार को डीसी मनोज कुमार ने सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के खुलने का समय बदलने का आदेश दिया है। डीसी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक जयंत कुमार मिश्र ने शुक्रवार को सभी स्कूलों का समय बदलने का निर्देश जारी कर दिया। जिले के सरकारी, प्राइवेट व अल्पसंख्यक स्कूलों का समय सुबह नौ से तीन बजे तक होगा। सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को यह निर्देश भेज दिया गया है।

कनकनी ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

ठंड और कनकनी ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शुक्रवार को दिनभर बादल रहने की वजह से दिनभर ठीक से धूप नहीं निकल पाई। शुक्रवार को सिटी का मैक्सिमम टेंपरेचर 17 डिग्री सेल्सियस और मिनिमम टेंपरेचर 8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही हवा की रफ्तार 11 किलोमीटर प्रति घंटे रिकार्ड की गई। हवा तेज होने के कारण लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। शाम होते ही लोग अपने घरों में दुबक रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट के आसार हैं।

कोहरे के कारण ट्रेनें लेट

कोहरे की वजह से दिल्ली से आने वाली ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली से रांची आने वाली झारखंड एक्सप्रेस 9 घंटे लेट पहुंची। इसके अलावा जम्मूतवी से रांची होते हुए राउरकेला जाने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस 5 घंटे से रांची पहुंची।

Posted By: Inextlive