अरब सागर में लो प्रेशर बनता दिख रहा है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर भी प्रभावित होंगे। मौसम में इस फेरबदल से जहां दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में आंधी-तूफान बारिश लेकर आएगा वहीं सौराष्ट्र और कच्छ में शीतलहर की आशंका है।


कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। अरब सागर के दक्षिण पश्चिम और उससे लगे इलाकों में लो प्रेशर दिख रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। राज्य प्रशासन से मौसम विभाग लगातार संपर्क में है। इसके असर से बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर में भी मौसम प्रभावित होगा।दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत आंधी-तूफान से होगा प्रभावितआईएमडी ने अपने मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन में बताया है कि लो प्रेशर और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में कुछ स्थानों पर बारिश होने की आशंका है। अगले दो दिनों में दक्षिण भारत के राज्यों में आंधी-तूफान के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। खराब मौसम से तमिलनाडु, केरल, पुद्दुचेरी, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाके प्रभावित होंगे।सौराष्ट्र, कच्छ में शीतलहर, मछुआरे समुद्र में न उतरें
भारतीय मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान बुलेटिन में बताया है कि सौराष्ट्र और कच्छ सहित आसपास के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान शीतलहर की आशंका है। हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी में कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलेंगी जिससे मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न उतरने की चेतावनी जारी की है।

Posted By: Satyendra Kumar Singh