अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से तट की ओर तेज हवाएं चलने की वजह से उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित पूर्वोत्तर से पश्चिम भारत तक भारी बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी आशंका है।


कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से तट की ओर तेज हवाओं के चलने की वजह से भारत में भारी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक, गुजरात, केरल, माही, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भारी मूसलाधार बारिश होगी। मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी कोंकण, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश के आसार हैं।यूपी में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिशमौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, मराठवाड़ा, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, असम और मेघालय राज्य में भारी बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं आंधी-पानी के साथ गरज-चमक की भी आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश भी होगी।


तटीय इलाकों में आंधी-पानी के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, अरब सागर के दक्षिण पश्चिम, दक्षिण पूर्व, पूर्व और पश्चिम मध्य इलाके में 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। इससे केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप और मालदीव के तटीय इलाके प्रभावित होंगे। मन्नार की खाड़ी से महाराष्ट्र तट की ओर 55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण और मध्य इलाके में भी तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सलाह दी है।

Posted By: Satyendra Kumar Singh