बिहार और झारखंड में लो प्रेशर बन रहा है। अगले 3 दिनों तक मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। आइये जानें कहां कैसा रहेगा मौसम का हाल...


कानपुर। बिहार और झारखंड में लो प्रेशर बन रहा है। उत्तर और दक्षिण भारत के कई इलाके भारी बारिश की चपेट में रहेंगे। भारतीय मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि अगले 3 दिनों तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले 5 दिनों तक भारत के उत्तर-पश्चिमी हिस्से भी भारी बारिश के चपेट में रहेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड में 23 अगस्त तक छिटपुट रूप से छींटे पड़ने की संभावना है।ओडिसा में भारी बारिशइसके अलावा अगर आज यानी कि बुधवार की बात करें तो ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में भारी बारिश होने की संभवना है। वहीं, बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ  बौछारें पड़ने का अनुमान है।


दिल्ली में बाढ़ का खतरा

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में 45-55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। ऐसे में इन इलाकों में मछुआरों को प्रवेश न करने की सलाह दी जाती है। बता दें कि इससे पहले दिल्ली में बाढ़ की आशंका जताई गई थी क्योंकि यमुना का पानी सोमवार को 204.50 मीटर पहुंच गया था। बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। निचले इलाके से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रभावितों के लिए राहत शिविर लगाए जा रहे हैं।

Posted By: Mukul Kumar