मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में तितली चक्रवात का खतरा मंडराने लगा है। इसके आंध्र प्रदेश आैर आेडिशा के तट से टकराने की आशंका से देश के इन इलाकों में आज भारी बारिश के आसार हैं। जानें आज के मौसम का हाल...

कानपुर। अरब सागर में लो प्रेशर से बने चक्रवात लुबान के बाद अब बंगाल की खाड़ी में भी लो प्रेशर से तितली का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने मछुआरों को चेतावनी जारी करते हुए गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी है। तितली के बृहस्पतिवार को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट से टकराने की आशंका है। इससे तटीय इलाकों सहित पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश के आसार बन गए हैं।

तटीय इलाकों में अंधड़, मैदानों में गरज के साथ बारिश

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, एक ओर अरब सागर में चक्रवात के कारण तटीय इलकों में 160 किमी की गति से तेज अंधड़ चलने की आशंका है। वहीं बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात तितली का खतरा बन गया है। तेज हवाओं के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा से जुड़े तटीय इलाकों में एक मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। पूर्व में बंगाल की खाड़ी और पश्चिम में अरब सागर में चक्रवात बनने के कारण उत्तर के मैदानी इलाकों में अंधड़ चलने और गरज के साथ बारिश के आसार बन रहे हैं। अरब सागर में कम दबाव के कारण हुई हलचल के कारण हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश आंधी चल सकती है। वहीं बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात तितली के कारण पूर्वी घाट जिनमें ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके शामिल हैं, पश्चिम बंगाल में गंगा का मुहाना, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, झारखंड और पश्चिम बंगाल के हिमालयीय इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के पूर्वानुमान है।
पूर्वोत्तर में बारिश तो बालोवाल सौंखरी रहा सबसे ठंडा
एक दिन पहले पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, सिक्किम, पश्चिम बंगाल और हिमालय के तराई इलाकों में गरज के साथ बारिश हुई। इसके अलावा जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, गोवा, केरल, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और लक्षद्वीप के कई इलाकों में बारिश हुई। पश्चिमी राजस्थान का फलोदी देश में सबसे गर्म स्थान रहा वहीं पंजाब के बालोवाल सौंखरी में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। यहां सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा झारखंड, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकाॅर्ड किया गया। पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ और तटीय आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल के हिमालयीय इलाके, सिक्कम, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना और रायलसीमा में सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तापमान ज्यादा दर्ज किया गया।

मौसम : बंगाल की खाड़ी से उठेगा तूफान, ओडिशा में भारी बारिश और मछुआरों को चेतावनी

मौसम : कमजोर पड़ा बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात, इन इलाकों को मिली भारी बारिश से राहत

Posted By: Shweta Mishra