देश में हिमालय के पश्चिम में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस होने से कुछ राज्यों में बारिश आैर बर्फबारी हो सकती है। वहीं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में दोहरी मार है। यहां लो प्रेशर के साथ ही अब पूर्वोत्तर मानसून की गतिविधि भी बढ़ती जा रही है। जानिए आज कैसा रहेगा माैसम...

कानपुर। अरब सागर के मालदीव और लक्षद्वीप के आसपास इन दिनों लो प्रेशर बने होने से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के हालात बिगड़े हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज भी तमिलनाडु और केरल में बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिणी राज्यों पर पूर्वोत्तर मानसून की गतिविधि भी तेजी से बढ़ती जा रही है। इससे यहां 25 से 28 नवंबर के बीच भारी बारिश होने की संभावना है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बिगड़ेंगे हालात
वहीं हिमालय के पश्चिम इलाके में इन दिनों एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बना है। इसकी वजह से पर्वतीय इलाकों में हलात बिगड़े हैं। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक इसकी वजह से आज जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 और 28 नवंबर काे बारिश और बर्फबारी से हालात बिगड़ने की आशंका है।
इन राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे
वहीं पूर्व और पूर्वोत्तर भारत को छोड़ देश के प्रमुख हिस्सों में रात के तापमान सामान्य व सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना है। पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में तापमान से सामान्य से नीचे रहने की आशंका है। यह स्थिति अगले 3 दिनों तक रहेगी। उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना है। वहीं देश में अन्य स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा।

सुबह के समय काेहरे की चादर चढ़ी रहेगी

पूर्वोत्तर के कई राज्यों में आज सुबह के समय काेहरे की चादर चढ़ी रहेगी। असम, मेघालय, अरूणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा आदि में काेहरा छाया रहेगा। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो यहां के कई राज्यों में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।  इसके अलावा देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव के आसार नही है।

 

 

 

 

Posted By: Shweta Mishra