170 देशों के दर्शक टीवी के माध्यम से ऐतिहासिक शादी के बनेंगे साक्षी

80 जोड़े व्यासपीठ के फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने का लेंगे संकल्प

04 दिन में इन लोगों ने शादी के लिए कराया रजिस्ट्रेशन

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: संगम नगरी में पहली बार होगा जब व्यासपीठ पर श्रीरामचरित मानस को साक्षी मानकर 80 जोड़े विवाह के बंधन में बंधेंगे। इतना ही नहीं 170 देशों के लोग लाइव टेलीकास्ट के जरिए इस ऐतिहासिक मौके के साक्षी बनेंगे। सामूहिक विवाह के इस भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। अरैल घाट पर चल रही रामकथा पंडाल में विवाह में शामिल होने वाले लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। शनिवार को सभी जोड़े कथा मर्मज्ञ विख्यात संत मोरारी बापू के आशीर्वाद से अपने दाम्पत्य जीवन की नई शुरुआत करेंगे।

संस्था उठा रही है सभी शादियों का खर्च

संत कृपा सनातन संस्थान नाथद्वारा इस सामूहिक विवाह के आयोजन के साथ पूरा खर्च भी उठा रहा है। सभी जोड़ों के लिए शादी के कपड़ों से लेकर वरमाला, भोजन प्रसाद तक का समस्त खर्च संत कृपा सनातन संस्थान वहन करेगा। साथ ही शादी में आने वाले अतिथियों के लिए विवाह भोज की व्यवस्था भी संस्थान की ओर से रहेगी। कथा के तीसरे दिन मोरारी बापू की ओर से सामूहिक विवाह आयोजित करने की इच्छा के बाद से ही संस्थान शादी की तैयारियों में जुट गया था।

मेंहदी रस्म से हुई शुरुआत

-सामूहिक विवाह को लेकर दूल्हा-दुल्हन के परिजन शादी की तैयारियों में जुटे रहे।

-शादी को लेकर जोड़ों के घरों पर ही शादी पूर्व की रस्में अदा की गई।

-दूल्हा-दुल्हन को मेहंदी लगाई गई। और मंगलगीत गाए गए।

-दूल्हा-दुल्हन खुद को संवारने में व्यस्त रहे तो परिजन रिश्तेदारों को न्यौता देने में लगे रहे।

-इधर, सामूहिक विवाह को लेकर संत कृपा सनातन संस्थान भी वृहद स्तर पर तैयारियों में लगा है।

-दूल्हा-दुल्हन के लिए उनके माप के कपड़े, वरमाला व अन्य सामग्री खरीदने से लेकर जोड़ों के रजिस्ट्रेशन का काम किया गया।

Posted By: Inextlive