-दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट में न्यूज पब्लिश होते ही एक्टिव हुए नगर निगम के अधिकारी

-पार्षदों को कॉल कर पूछा क्या है समस्या, झाड़ू लगवाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव हुआ

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: जगह-जगह गंदगी के ढेर और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव न होने से पार्षद परेशान हो चुके थे। नगर निगम अधिकारियों से बेहतर सफाई अभियान की मांग कर रहे थे। लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी बेपरवाह बने हुए थे। गुरुवार को दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट ने 'शहर पर डेंगू का सितम, बेपरवाह नगर निगम' हेडिंग से इस समस्या को पब्लिश किया था। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों की नींद खुली।

अभी तक टरकाते थे, अब फोन करने लगे

इससे पहले नगर निगम के अधिकारियों का हाल यह था कि वह पार्षदों को टाल रहे थे। कहने पर जल्द ही सफाई कराने का आश्वासन दे रहे थे। वहीं दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट में न्यूज पब्लिश होने के बाद अधिकारी गुरुवार को अचानक एक्टिव हो गए। न्यूज का असर कुछ यूं हुआ कि पार्षदों के कॉल रिसीव न करने वाले अधिकारियों ने भी गुरुवार को पार्षदों को कॉल कर वार्ड की समस्याओं के बारे में पूछा। यही नहीं कई एरियाज में तो नगर निगम की पूरी टीम सफाई कर्मचारियों के साथ मोहल्लों में पहुंच गई। यहां पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

एलनगंज में पहुंच गई टीम

बाढ़ प्रभावित एलनगंज वार्ड में संक्रामक बीमारियों की समस्या सबसे ज्यादा है। यहां बाढ़ का मलबा आज भी जमा हुआ है। गुरुवार को जोनल अधिकारी ओम प्रकाश ने पार्षद नितिन यादव को कॉल किया। समस्या पूछने के बाद करीब दो दर्जन कर्मचारियाों की टीम लेकर वह वार्ड में पहुंच गए। छोटा बघाड़ा, बड़ा बघाड़ा, ढरहरिया, रामप्रिया रोड के साथ ही अन्य मोहल्लों की एक-एक गली में सफाई कराने के साथ ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया।

अन्य वार्डो पर भी रहा फोकस

मेडिकल कॉलेज वार्ड में भी जोनल अधिकारी रविंद्र कुमार ने विशेष अभियान चलाकर सफाई कराई। जहां-जहां कचरे का ढेर लगा हुआ था उसे साफ कराया। वहीं शुक्रवार को एक बार फिर विशेष अभियान चलाने का आश्वासन दिया। मुट्ठीगंज और सलोरी वार्ड में भी जोनल अधिकारी के आदेश पर कर्मचारियों की टीम पहुंची। इसके अलावा अन्य वार्डो में भी सफाई पर विशेष फोकस किया गया।

Posted By: Inextlive