-हत्या के बाद परेड मैदान में युवक का शव फेंक भाग निकले कातिल

-पहचान मिटाने के लिए शव को जलाने का किया गया था प्रयास

PRAYAGRAJ: दारागंज में सोमवार को अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का गला रेत कर कातिलों ने उसका चेहरा पत्थरों से कूंच दिया। इसके बाद शव को दारागंज के परेड मैदान में फेंक दिए। पहचान मिटाने के उद्देश्य से कातिलों द्वारा युवक का शव जलाने की भी कोशिश की गई थी। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

करीब तीस साल है मृतक की उम्र

सोमवार को दारागंज एरिया के लोग पर्व की खुशी में डूबे थे। इस बीच अचानक पुलिस को परेड मैदान स्थित ट्यूबवेल के पास शव पड़े होने की खबर मिली। हमराहियों के साथ इंस्पेक्टर आशुतोष तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। बताया कि उसके गले को धारदार हथियार से रेता गया था। चेहरे और सिर पर किसी वजनी पत्थर से भी प्रहार किए गए थे। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास थी। काफी खोजबीन के बावजूद कोई ऐसी चीज नहीं मिली जिससे उसकी पहचान हो सके। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Posted By: Inextlive