27

पेशेंट्स डेंगू पॉजिटिव पाए गए शुक्रवार को जांच में

811

हो चुकी है सिटी में कुल डेंगू पेशेंट्स की संख्या अब तक

12

से ज्यादा सिपाही पुलिस लाइंस में हो चुके हैं डेंगू के शिकार

-पुलिस लाइंस में दो दर्जन सिपाही आ चुके हैं चपेट में, छुट्टी पर गए

-जलभराव, साफ-सफाई और गंदगी के चलते पुलिस लाइंस बना बीमारी का घर

PRAYAGRAJ: शहर की सुरक्षा में तैनात पुलिस के सिपाही आजकल डेंगू से खुद को नहीं बचा पा रहे हैं। हालात यह हैं कि मच्छर पुलिस फोर्स पर भारी पड़ रहे हैं। पुलिस लाइन का बैरक नंबर 200 इसका ताजा उदाहरण है। यहां पर दो दर्जन सिपाहियों को डेंगू हो गया है और वह छुट्टी पर चले गए हैं। कुछ हॉस्पिटल के चक्कर काट रहे हैं। अगर समय रहते यहां की साफ सफाई, जलभराव और मच्छरों की रोकथाम पर ध्यान नहीं दिया गया तो डेंगू ने पूरी पुलिस लाइन को अपनी चपेट में ले लेगा।

बीमारी के खौफ में जवान

पुलिस लाइन के बैरक नंबर 200 में जगह-जगह जलभराव है। इसी साफ पानी में मच्छरों के लार्वा पनपते हैं। वहीं बैरक में फैले गंदगी के कारण जवानों को समय काटना मुश्किल हो गया है। बैरक में रहने वाले गुड्डू यादव, विनय यादव, सौरभ, आशीष यादव, नौशाद, अश्वनी मुलायम यादव की माने तो वह डेंगू से पीडि़त हैं।

अधिकारियों के आने पर सफाई

पुलिस प्रशासन की तरफ से जवानों के लिए नई बिल्डिंग बनाई गई है। लेकिन इस बिल्डिंग में सफाई का नामों निशान तक नहीं है। सिपाहियों के मुताबिक बैरक में एक या दो महीनों में एक-दो बार ही सफाई होती है। वाटर कूलर का पानी भी काफी समय से नहीं बदला गया है। इसके चलते सिपाहियों को तमाम बीमारियां चपेट में ले रही हैं। जिम्मेदारों की तरफ से इसको लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसके चलते समस्या भी जल्दी नहीं सुलझ रही है।

शिकायत पर हमारी टीम ने पुलिस लाइंस की विजिट की थी। तीन-चार जवानों को डेंगू से पीडि़त पाया गया था। बाकी अन्य कारणों से बीमार थे। यहां पर गंदगी का अंबार लगा था। हमने पाया कि कूलर का पानी नहीं बदला गया था जिसमें मच्छर के लार्वा पनप रहे थे। इसकी वजह से बीमारियां फैल रही हैं।

-डॉ। एएन मिश्रा, जिला संक्रामक रोग अधिकारी प्रयागराज

Posted By: Inextlive