देश के चार नेशनल म्यूजियम में से ग्रिड लगाने वाला पहला म्यूजियम

बिजली व राजस्व की बचत और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से होगा उपयोगी

ALLAHABAD: केन्द्र हो या राज्य सरकार हर कोई राष्ट्र हित में बिजली बचाने की वकालत करता है। संस्थानों में भी इसे लेकर परिवर्तन दिखाई देने लगा है। ऐसे में इलाहाबाद म्यूजियम ने भी इस दिशा में सार्थक प्रयास किया है। म्यूजियम प्रशासन की मांग पर केन्द्र सरकार के ऊर्जा मंत्रालय ने म्यूजियम में सोलर ग्रिड लगाया है। म्यूजियम की छत पर एक या दो नहीं बल्कि 230 सोलर ग्रिड लगाये गये हैं।

छह महीने पहले बनी योजना

म्यूजियम में बिजली की कम खपत होने और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से सोलर ग्रिड लगाने का प्रस्ताव अक्टूबर 2016 के अंतिम सप्ताह में तैयार किया गया था। इसे नवम्बर के दूसरे सप्ताह में मंत्रालय को भेजा गया। वहां से मंजूरी मिलने के बाद मार्च में सोलर ग्रिड लगाने के लिए एक्सपर्ट टीम आई और म्यूजियम की छत पर 230 सोलर ग्रिड लगाये गये।

अन्य म्यूजियम ने भी भेजा प्रस्ताव

इलाहाबाद म्यूजियम सोलर ग्रिड लगाने वाला देश का पहला म्यूजियम बन गया है। नेशनल म्यूजियम नई दिल्ली, इंडियन म्यूजियम कोलकाता और सालारगंज म्यूजियम हैदराबाद में अभी तक योजना पर काम नहीं शुरू हुआ है। हालांकि इन सभी ने ऊर्जा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है।

बिजली के बिल में होगी कमी

म्यूजियम में हर महीने डेढ़ से दो लाख रुपए की बिजली की खपत होती है। भुगतान 7.30 प्रति यूनिट की दर से किया जाता है। म्यूजियम प्रशासन की मानें तो सोलर ग्रिड काम करने लगेगा तो 5.40 पैसा प्रति यूनिट की दर से भुगतान होने की संभावना है। सोलर ग्रिड इको फ्रेंडली में भी वरदान साबित होगा।

राज्यपाल 22 को करेंगे उद्घाटन

प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक इलाहाबाद म्यूजियम की कमेटी के चेयरमैन भी हैं। म्यूजियम में 22 अप्रैल को होने वाले समारोह में श्री नाईक सोलर ग्रिड का उद्घाटन करेंगे। यही नहीं राज्यपाल म्यूजियम की नए कलेवर में बनाई जा रही इंटरैक्टिव वेबसाइट की लांचिंग भी करेंगे। वे 25 लाख रुपए की लागत से बनाए गए स्पेशल काउंटर और मेन गेट का भी लोकार्पण करेंगे।

छह महीने पहले ऊर्जा मंत्रालय को सोलर ग्रिड लगाने का प्रस्ताव भेजा गया था। म्यूजियम का एक भी रुपया ग्रिड लगाने में नहीं लगा है। छत पर 230 सोलर ग्रिड लगाये गये हैं। इसके लिए 25 साल का करार हुआ है।

राजेश पुरोहित, निदेशक, इलाहाबाद म्यूजियम

Posted By: Inextlive