-कंटेनमेंट और हॉटस्पॉट जोन में नहीं मिलेगी छूट

-डीएम के डिसीजन पर व्यापारियों ने जताई खुशी

PRAYAGRAJ: आखिर जिले के व्यापारियों को शुक्रवार को मनमांगी मुराद मिल गई। डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने शुक्रवार की शाम दुकानों का रोस्टर खत्म कर दिया। हालांकि कंटेनमेंट और हॉटस्पॉट जोन में कोई छूट नहीं मिलेगी। डीएम भानुचंद्र गोस्वामी के मुताबिक पूर्व की तरह साप्ताहिक बंदी के लिए दुकानें बंद रखनी होंगी। प्रशासन के इस आदेश से व्यापारियों में काफी खुशी है। इस आदेश का सभी व्यापारियों ने तहेदिल से स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि हम प्रशासन की गाइडलाइंस को पूरी तरह से फॉलो करेंगे। साथ ही बचाव के सभी इंतजाम के साथ बिजनेस करेंगे।

बनाया गया था रोस्टर

गौरतलब है कि पिछले दिनों रोस्टर के साथ दुकानों को खोलने का आदेश जारी किया गया था। इसमें कुछ दुकानों को अलग-अलग खोलने के लिए नियम बनाया गया था। इस फैसले के बाद दुकानें खुलनी शुरू तो जरूर हुई थीं, लेकिन व्यापारियों को कोई खास लाभ नहीं हो रहा था। इसको देखते हुए व्यापारी प्रशासन से लगातार मांग कर रहे थे कि उन्हें हर दिन दुकानें खोलने का आदेश दिया जाए। व्यापारियों की लगातार मांग को देखते हुए शुक्रवार को डीएम ने इस बाबत फैसला सुना दिया।

अब रहेगी बड़ी जिम्मेदारी

प्रशासन के आदेश के बाद अब व्यापारियों के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी होगी। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि सेनेटाइजेशन और सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो होती रही। हालांकि व्यापारियों ने शुक्रवार को अपना कमिटमेंट जाहिर किया कि वह कोरोना से लड़ने की सभी गाइडलाइंस को फॉलो करेंगे।

इन्हें मिलेगा फायदा

इस आदेश के तहत जिन दुकानों को फायदा मिलेगा, उनमें कपड़े, बर्तन, मोबाइल, क्रॉकरी, प्रिंटिंग प्रेस, ड्राई क्लीनर्स, स्पोर्ट, गिफ्ट, कंप्यूटर आदि की दुकानें शामिल हैं।

डीएम के ऑर्डर से व्यापारी तबका बहुत ज्यादा खुश है। प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। साथ ही कोरोना से लड़ाई के लिए हम सभी गाइडलइंस फॉलो करेंगे।

-विजय अरोरा, महानगर अध्यक्ष प्रयाग व्यापार मंडल

असल में छह दिन दुकानें खुलने से सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने में आसानी होगी। क्योंकि तीन दिन ही दुकानें खुलने पर कस्टमर्स की भीड़ हो जाती थी।

महेंद्र गोयल, प्रदेश अध्यक्ष कैट

अक्षयवट का दर्शन आज से

श्रद्धालुओं की मांग पर अब शनिवार से अक्षयवट भी खुल जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने सेना से अनुमति ले ली है। पांच जून से सभी धार्मिक स्थल खुल गए थे। लेकिन अक्षयवट नहीं खुला था। वजह, यह ओडी फोर्ट कैंपस में था। सेना ने इसे खोलने की अनुमति नहीं दी थी। गुरुवार को प्रशासन और सेना के बीच बैठक हुई। इसमें अक्षयवट खोलने पर सहमति बनी। एडीएम सिटी अशोक कनौजिया ने बताया कि शनिवार से अक्षयवट को खोल दिया जाएगा। फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए श्रद्धालुओं को जाने दिया जाएगा।

Posted By: Inextlive