रिजर्वेशन काउंटर को चालू करवाने, फैकेल्टी वाइज कैंटीन और पूछताछ काउंटर की डिमांड कर रहे हैं छात्र

ALLAHABAD: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में आम छात्रों से जुड़ी 12 मांगों को लेकर छात्रों ने बुधवार को कैम्पस में कैम्पेन चलाया। विवि प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया न होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े तीन छात्रों ने अपना सिर मुड़वा लिया और डीएसडब्ल्यू कार्यालय पर अनशन पर बैठ गए। इनमें अनुभव उपाध्याय, शेखर विक्रम सिंह एवं विक्रांत सिंह का नाम था। इनके समर्थन में शिवम पांडेय, प्रशांत मिश्रा, विरेन्द्र सिंह चौहान, सुधांशु ओझा, आयूष राय, किशन मौर्या, रजत त्रिपाठी, अभिषेक तिवारी, अमित गुप्ता, सूरज शुक्ला आदि भी पहुंचे। सभी गुरुवार को दोपहर 12 बजे कुलपति की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ का आयोजन करेंगे।

छात्रों की मांग

नव प्रवेशियों को 10 माह हेतु छात्रावास आवंटित नहीं हो पाया है। उन्हें जितने माह हेतु हास्टल दिया जाये। उतना ही शुल्क भी लिया जाये।

विवि के सभी छात्रों का निष्कासन व निलंबन वापस हो।

विवि में शनिवार का अवकाश समाप्त किया जाये। पहले की ही तरह छह दिन का शिक्षण कार्य किया जाये।

एक पूछताछ काउंटर की व्यवस्था की जाये। जिससे छात्रों को जानकारी के लिए भटकना न पड़े।

महिला छात्रावास परिसर में महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाये।

महिला छात्रावास में अन्दर का गेट बंद करने का समय रात्रि 09 बजे की बजाय 11 बजे किया जाये।

हर छात्रावास में मेस की सुविधा दी जाये।

छात्रों को प्राथमिक उपचार की सुविधा दी जाये।

सभी संकायों में स्थाई कैंटीन की व्यवस्था की जाये।

सभी छात्र-छात्राओं का बीमा पंजीकृत करवाया जाये।

रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पुन: खुलवाया जाये।

पुअर ब्वायज फंड से गरीब छात्रों की सहायता की जाये।

जिला अधिवक्ता संघ से मांगा समर्थन- फोटो

उधर, सविनय अवज्ञा आन्दोलन की कड़ी में 10 वें दिन छात्र संघर्ष संयुक्त मोर्चा ने इविवि कुलपति प्रो। रतन लाल हांगलू के खिलाफ चल रहे आन्दोलन से जिला अधिवक्ता संघ के उच्चस्थ पदाधिकारियों को भी अवगत करवाया। छात्रों ने बार के महासचिव अरुण कुमार पांडेय से मिलकर विवि में शिक्षक भर्ती से जुड़ी अनियमिताओं के बारे में बताया। पूर्व संयुक्त सचिव प्रशासन प्रमोद सिंह नीरज ने कहा विवि में भ्रष्टाचार की लड़ाई में अंत तक साथ देंगे। पूर्व अध्यक्ष जिला बार शीतला मिश्रा ने कहा कि विवि में भयावह स्थिति है। पूर्व महासचिव कौशलेश सिंह ने एमएचआरडी मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से उचित कार्यवाही की मांग की। इस जन जागरण में सूर्य प्रकाश मिश्र, आनंद सिंह निक्कू, गौरव तिवारी, सौरभ सिंह, रुद्र पांडेय, अवनीश मौर्य, पंकज शुक्ला, रामाशीष सिंह, अनिल कुमार, रोशन सोनकर, आदित्य सोनी, संदीप कुमार, अविरुद्ध यादव आदि मौजूद थे।

Posted By: Inextlive