- चुनाव अधिकारी की भूमिका पर सवाल, भास्कर झा को मिली थी करारी शिकस्त

ALLAHABAD: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी अध्यापक संघ (आटा) चुनाव से पहले तो चर्चा में था। चुनाव बाद भी वह सुर्खियों में बना है। नौ अप्रैल को सम्पन्न हुए चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे इंग्लिश डिपार्टमेंट के भास्कर झा ने गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने इसके लिए रिटर्निग ऑफिसर की भूमिका पर सीधे सवाल खड़े किए हैं। भाष्कर झा ने वाइस चांसलर को पत्र लिखकर आटा के निर्वाचन को अधिकृत न किए जाने की मांग की है।

चुनाव करवाने का अनुभव नहीं

भास्कर झा ने चुनाव के रिटर्निग ऑफिसर प्रोफेसर शंकर दयाल द्विवेदी पर चुनाव की मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने वीसी को लिखे गए पत्र में कहा है कि प्रो। शंकर दयाल द्विवेदी को चुनाव करवाने का कोई अनुभव नहीं है। भास्कर झा का कहना है कि चुनाव में पारदर्शिता का क्या महत्व होता है? इसकी भी चुनाव अधिकारी को जानकारी नहीं है। यही नहीं कार्य परिषद व विद्वत परिषद के पूर्व सदस्य रहे भास्कर झा ने प्रो। द्विवेदी के प्रमोशन पर भी सवालिया निशान लगाकर खलबली मचा दी है। बता दें कि इस चुनाव में भास्कर झा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। उन्हें मात्र 31 वोट हासिल हुए थे। अध्यक्ष पद पर चुनाव जीतकर डंका बजाने वाले प्रो। राम सेवक दुबे को रिकार्ड 167 वोट मिले थे। दूसरे नम्बर पर रहे प्रो। बीपी सिंह को 92 मत मिले थे।

Posted By: Inextlive