-बारात संग आए आर्केस्ट्रा पर डांस को लेकर युवक की पीट-पीट कर हत्या

-औद्योगिक एरिया के अजबइया गांव में गुरुवार रात आई बारात के दौरान जनवासे में हुई घटना

PRAYAGRAJ: रात करीब पौने दो बजे द्वारचार का वक्त था। महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं। हर तरफ उल्लास का माहौल था। इसी बीच जनवासे में आर्केस्ट्रा शुरू हो गया। तमाम लोग डांस देखने लगे। जोश में गांव का ही महेश कुमार उर्फ शक्तिमान कोल (22) आर्केस्ट्रा के मंच पर चढ़ गया। वह डांसर के साथ डांस करने लगा। उसकी हरकत देख वहां मौजूद लोगों ने जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक की हत्या के बाद शहनाई की धुन के बीच अचानक मातम की गूंज फिजां में तैरने लगी। घराती से लेकर बराती तक सन्नाटे में आ गए। मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट औद्योगिक थाने में दर्ज करवाई गई है।

करछना के डीहा से आई थी बारात

औद्योगिक एरिया के अजबइया गांव निवासी जय सिंह यादव की बेटी का विवाह था। गुरुवार को उनके घर करछना के डीहा गांव से बारात आई हुई थी। घर पक्ष के लोग बारात की आवभगत में जुटे थे। लड़के पक्ष से बारात में आरकेस्ट्रा भी लाया गया था। जय सिंह यादव ने बारात का जनवासा गांव के पास अपने खेत में लगवाया था। जनवासे में नाश्ता-पानी के के बाद रात करीब पौने दो बजे द्वारचार की रश्म शुरू हुई। दरवाजे पर द्वारचार के दौरान महिलाएं मंगलगीत गाने में तल्लीन थीं। इस बीच जनवासे में आर्केस्ट्रा शुरू हो गया। गांव के तमाम लोगों संग कुछ बराती भी आर्केस्ट्रा का डांस देखने लगे।

नशे में था धुत

इसी बीच गांव का ही शक्तिमान पुत्र स्व। रामदुलार कोल जोश में आरकेस्ट्रा के मंच पर चढ़ गया। यहां तक तो गनीमत थी। वह मंच पर चढ़ने के बाद डांसर संग डांस करने लगा। डांसर ने विरोध किया तो कुछ लोग उसे समझा कर मंच से नीचे उतारने लगे। बताते हैं कि नशे में धुत शक्तिमान किसी की एक सुनने को तैयार नहीं था। समझा रहे लोगों से उसने हाथापाई शुरू कर दी। यह देख लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। गुस्साए लोगों ने शक्तिमान की इतनी पिटाई कर दी कि उसकी मौत हो गई।

जोश में होश खो बैठा था युवक

मामला सुनते ही चीखते-चिल्लाते हुए शक्तिमान के परिजन जनवासे जा पहुंचे। अचानक द्वारचार पर गूंज रही सहनाई की धुन के बीच मातम की आवाज सुन लोग दंग रह गए। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसकी बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इसके बाद फोर्स की मौजूदगी में विवाह सम्पन्न हुआ। मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर राम सिंह यादव, जय सिंह यादव, दादू यादव, राजू सिंह यादव व राहुल एवं बृजेश कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा पुलिस ने दर्जकर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।

बॉडी दफनाने को लेकर हुआ हंगामा

-अविवाहित शक्तिमान की बॉडी का शुक्रवार को पोस्टमार्टम हुआ। वह पांच भाइयों में छोटा था।

-उसकी एक बहन भी है। बेटे की मौत से मां गंगा देवी सहित पूरे परिवार की आंखों से आंसू नहीं थम रहे।

-पोस्टमार्टम बाद परिजन बॉडी लेकर गांव पहुंचे तो हंगामा शुरू हो गया। परिजनों इस जिद पर अड़ गए कि वह उसकी बॉडी वहीं पर दफन करेंगे जहां पर उसकी हत्या हुई थी।

-मतलब यह कि वह उसकी बॉडी को जय सिंह यादव के खेत में ही दफन करना चाहते थे।

-क्योंकि जनवासा व घटनास्थल खेत ही था। उनकी बात सुन जय सिंह यादव के घर वाले विरोध पर उतर आए।

-मामले को लेकर हंगामा शुरू हो गया। मालूम चलते ही एसपी यमुनापार सहित सीओ करछना फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। देर रात तक मामला शांत नहीं हो सका था।

मामले की रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। घटना गांव में आई बारात के दौरान चल रहे आर्केस्ट्रा पर डांस को लेकर हुई है। कुछ आरोपित हिरासत में ले लिए गए हैं। शेष की तलाश जारी है।

-दीपेंद्रनाथ चौधरी, एसपी यमुनापार

Posted By: Inextlive