- कार्यकारिणी में व्यापारी नेता संजय सेठ की धमाकेदार इंट्री

LUCKNOW: समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी नयी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। सबसे चौंकाने वाला नाम संजय सेठ का है जिन्हें सपा ने बतौर कोषाध्यक्ष शामिल किया है। लखनऊ के जाने-माने उद्योगपति संजय सेठ पहली बार सक्रिय राजनीति में अपनी भूमिका निभायेंगे। पहले यह पद मुलायम सिंह के खास झांसी के चंद्रपाल सिंह यादव के पास था। उन्हें कार्यकारिणी से बाहर का कर दिया गया है। कार्यकारिणी में आजम खां, रामगोपाल यादव, रविप्रकाश वर्मा, नरेश अग्रवाल, विशंभर निषाद बतौर महासचिव बने रहेंगे। सुरेंद्र नागर महासचिव के पद पर नया चेहरा हैं। बता दें कि मुलायम सिंह यादव की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी में एक उपाध्यक्ष, छह महासचिव, पांच सचिव, कोषाध्यक्ष और 31 सदस्य बनाये गये हैं। पार्टी के महासचिव व प्रवक्ता प्रो.राम गोपाल यादव ने शनिवार को दिल्ली में 45 सदस्यीय कार्यकारिणी घोषित की।

साधे गये जातीय समीकरण

सपा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कुर्मी और दलित को भी जगह दी है। रविप्रकाश वर्मा को जहां महासचिव बनाया गया है वहीं राम पूजन पटेल और अवधेश प्रसाद को सचिव बनाया गया है। इसे आगामी यूपी चुनाव से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। लखनऊ की मशहूर डॉक्टर मधु गुप्ता का कद बढ़ाते हुए उन्हें सदस्य से सचिव बना दिया गया है। आजम खां के धुर विरोधी माने जाने वाले बदायूं के मौलाना यासीन उस्मानी को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बतौर सदस्य जगह दी गयी है।

किरनमय नंदा बने उपाध्यक्ष

चौधरी यशपाल सिंह गुर्जर की मौत के बाद से खाली चल रहा उपाध्यक्ष कापद पश्चिम बंगाल के किरनमय नंदा को दिया गया है। किरनमय नंदा अभी तक कार्यकारी उपाध्यक्ष की भूमिका में थे। बता दें कि चौधरी यशपाल सिंह के समय किरनमय नंदा पार्टी के महासचिव हुआ करते थे।

अमर सिंह और बेनी बने सदस्य

पार्टी में वापसी करने वाले अमर सिंह और बेनी प्रसाद वर्मा को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बतौर सदस्य शामिल किया गया है। इससे पहले यह दोनों ही नेता जब समाजवादी पार्टी में थे, तो उन्हें महासचिव का दर्जा हासिल था। अब वह बतौर सदस्य पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में होंगे। अन्य सदस्यों में शिवपाल सिंह यादव, अंबिका चौधरी, रेवती रमण सिंह, ओमप्रकाश सिंह, अहमद हसन, जया बच्चन, बलराम यादव, माता प्रसाद पांडेय, रामजीलाल सुमन, राजा महेंद्र अरिदमन सिंह समेत 31 लोगों को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है।

जावेद आब्दी समेत तीन बाहर

कार्यकारिणी से मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले जावेद आब्दी को बाहर कर दिया गया है जबकि मुख्यमंत्री के दूसरे करीबी माने जाने वाले कमाल अख्तर को सचिव बनाया गया है। कमाल अख्तर पहले राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नहीं थे। जावेद आब्दी के अलावा कोषाध्यक्ष चंद्र पाल सिंह यादव और सचिव राजेश दीक्षित को भी बाहर कर दिया गया है।

कार्यकारिणी में पश्चिमी यूपी का बोलबाला

45 सदस्यीय कार्यकारिणी में पश्चिमी यूपी का बोलबाला है। पश्चिमी यूपी के दस लोगो को जगह दी गयी है जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश से सिर्फ 2 लोगों को कार्यकारिणी में बतौर सदस्य शामिल किया गया है। पूर्वाचल से सिर्फ दो लोगों को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। इसमें आजमगढ़ से बलराम यादव और बलिया से नीरज शेखर को बतौर सदस्य नामित किया गया है।

Posted By: Inextlive