सपा संसदीय बोर्ड से सात उम्मीदवारों के नाम तय

- एमएलसी चुनाव के लिए आठ प्रत्याशी भी तय

राज्यसभा

बेनी प्रसाद वर्मा, अमर सिंह, संजय सेठ, सुखराम सिंह यादव, रेवती रमण सिंह, विशंभर प्रसाद निषाद, अरविंद कुमार सिंह

एमएलसी

बलराम यादव, शतरुद्ध प्रकाश, यशवंत सिंह, बुक्कल नवाब, रामसुंदर दास निषाद, जगजीवन प्रसाद, कमलेश पाठक, रणविजय सिंह

LUCKNOW: समाजवादी पार्टी संसदीय बोर्ड ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को सात उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। पार्टी से बाहर चल रहे अमर सिंह को सपा ने राज्यसभा भेजने का रास्ता साफ कर दिया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और यूपी प्रभारी शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अमर सिंह के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। वहीं, राजधानी के मशहूर शालीमार बिल्डर्स के डायरेक्टर संजय सेठ को भी राज्यसभा का टिकट दिया गया है। संजय सेठ पूर्ववर्ती सरकार में बसपा नेताओं के करीबी भी रह चुके हैं। बता दें कि पहले सपा उन्हें एमएलसी मनोनीत कराना चाहती थी लेकिन राज्यपाल राम नाईक ने उनके नाम को मंजूरी नहीं दी थी।

बेनी को भी टिकट

हाल ही में कांग्रेस का दामन छोड़कर आए पूर्व केन्द्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा भी अब सपा के टिकट पर राज्यसभा जाएंगे। इसके अलावा सुखराम सिंह यादव, रेवती रमण सिंह, विशंभर प्रसाद निषाद और अरविंद कुमार सिंह को भी पार्टी ने राज्यसभा का टिकट दिया है। बता दें कि विशंभर निषाद और अरविंद कुमार सिंह वर्तमान में सपा से राज्यसभा सांसद हैं। मंगलवार सुबह पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में नामों पर चर्चा हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, संसदीय कार्य मंत्री आजम खान समेत तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक के बाद शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि संसदीय बोर्ड ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को टिकट निर्धारण के लिए अधिकृत किया था। पार्टी प्रमुख की सहमति के बाद नामों का ऐलान किया गया है। वहीं अमर सिंह के बारे में उन्होंने कहा कि वे 'नेताजी' के दिल में रहते हैं। सपा इससे पहले प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया जैसे कांग्रेसी नेताओं को राज्यसभा भेज चुकी है। अमर सिंह को पार्टी में शामिल किए जाने को लेकर पूछे गये सवाल पर बोले कि जो लोग पार्टी में हैं, उन्हें ही टिकट दिया गया है। बाद में कहा कि अमर सिंह को पार्टी में शामिल करने के बारे में राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्णय लेंगे।

एमएलसी के लिए आठ प्रत्याशी घोषित

एमएलसी चुनाव के लिए भी सपा ने आठ प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। प्रदेश सरकार में मंत्री बलराम यादव, शतरुद्ध प्रकाश, यशवंत सिंह, बुक्कल नवाब, रामसुंदर दास निषाद, जगजीवन प्रसाद, कमलेश पाठक तथा रणविजय सिंह को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है। इनमें से यशवंत सिंह, बुक्कल नवाब, बलराम यादव व रामसुंदर दास निषाद वर्तमान में एमएलसी हैं। जल्द ही उनका कार्यकाल खत्म होने वाला है जिसकी वजह से पार्टी ने उन्हें दोबारा विधान परिषद भेजने का निर्णय लिया है। वहीं कमलेश पाठक और रणविजय सिंह का नाम पहले मनोनयन के जरिए एमएलसी बनने वालों की फेहरिस्त में था लेकिन राज्यपाल ने इस पर अपनी सहमति नहीं दी थी।

पार्टी में सबकी जरूरत

बिल्डर संजय सेठ को राज्यसभा भेजे जाने के औचित्य के बारे में शिवपाल यादव ने कहा कि पार्टी को सभी की जरूरत है। उन्होंने यह खारिज किया कि संजय सेठ के आने से पार्टी को कोई आर्थिक फायदा होगा। कहा कि सपा कभी भी फंड एकत्र नहीं करती है। बल्कि चुनाव में पार्टी अधिकृत प्रत्याशियों की आर्थिक मदद करती है। मालूम हो कि संजय सेठ के ठिकानों पर कुछ महीने पहले आयकर विभाग ने छापेमारी भी की थी हालांकि वहां से हुई बरामदगी के बारे में विभाग ने कोई खुलासा नहीं किया था।

Posted By: Inextlive