बनारस से अमरनाथ यात्रा पर गए लोगों के फंसने की सूचना से यहां परिवार वाले परेशान

आतंकी हमले की आशंका में केंद्र सरकार ने लगाई यात्रा पर रोक, बगैर दर्शन लौट रहे दर्शनार्थी

VARANASI:

महीनों तैयारी की, स्वास्थ्य का ध्यान रखा, बाबा बर्फानी की राह में कोई रोड़ा ना आए। फिर नियत समय पर यहां से अपनों और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद ले, बर्फानी के दर्शन को रवाना हुए। वहां पहुंचकर कुछ दर्शन कर लौटते समय तो कुछ इधर से जाते हुए ही राह में फंस गए। इस बीच आतंकी गतिविधियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने यात्रा पर रोक लगा दी। अब जो आते या जाते समय बीच राह में फंसे हैं उनके परिवार वाले बाबा विश्वनाथ से उन्हें सकुशल लौटाने की गुहार लगा रहे हैं। वे लगातार उनसे संपर्क करने के प्रयास में लगे हैं, ताकि उनकी कुशलक्षेम मिल सके। यात्रा पर रोक के बाद जिनकी यात्रा अभी शुरू ही नहीं हुई वे काशी के लिए लौटने लगे हैं।

छात्रनेता समेत छह फंसे

अमरनाथ यात्रा पर गए काशी विद्यापीठ छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष आशुतोष सिंह आशु अपने छह साथियों संग होटल में फंसे हैं। हालांकि आशुतोष सहित चार लोगों ने बाबा का दर्शन प्राप्त कर लिया है। दो लोगों को अभी दर्शन करना था। शाम को इन्हें बाबा अमरनाथ की यात्रा शुरू करनी थी, लेकिन अचानक यात्रा पर रोक लग जाने से इनका बाबा बर्फानी का दर्शन करने का मंसूबा अधूरा रह गया। बनारस से महेशपुर कालोनी निवासी आशुतोष सिंह आशु, सतीश सिंह, रोहनिया निवासी मनीष सिंह, योगेश और पीयूष यात्रा पर हैं। यात्रा पर रोक लगने के कारण ये शुक्रवार रात में वापसी के लिए प्रस्थान करेंगे।

खबरें देख परिवार वाले परेशान

जैसे ही टीवी पर न्यूज फ्लैश हुआ कि आंतकी साये को देखते हुए अमरनाथ यात्रा पर रोक लगा दी गई है, घर वाले चिंतिंत हो गए। आनन-फानन में तत्काल परिचितों से संपर्क साधा गया। अमरनाथ यात्रा के दौरान होटल में ठहरे लोगों ने अपने को सेफजोन में बताया तब जाकर घर वालों को राहत मिली।

होटल, गेस्ट हाउस हुए खाली

दोस्तों संग अमरनाथ यात्रा पर गए आशुतोष सिंह ने मोबाइल पर बताया कि होटल से आदेश आ गया है कि रूम खाली कर दीजिए। अब हम लोग शुक्रवार की रात में होटल छोड़ बनारस के लिए चलेंगे। उन्होंने बताया इनलोगों की तरह ही हजारों दर्शनार्थियों को भी होटल छोड़ देने के लिए कहा गया है। सभी लोग होटल छोड़ अपने घरों को लौट रहे हैं।

जगह-जगह हो रही चेकिंग

आशुतोष सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह से ही अचानक यहां का माहौल बदल गया है। सभी की तगड़ी जांच पड़ताल की जा रही है। होटल में रुकने वालों और निकलने वालों की भी जगह-जगह चेकिंग की जा रही है। पूरे इलाके में भारी मात्रा में फोर्स की तैनाती भी हो गई है। कई जगहों पर लोगों को रोक कर उनके सामान आदि की तलाशी ली जा रही है।

अपने पहुंचे विश्वनाथ के दरबार

इस बीच जो लोग बाबा बर्फानी की यात्रा पर उनके परिवार के लोगों ने शुक्रवार को बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेका। सभी काशी विश्वनाथ से अपनों को सकुशल लौटाने की गुहार लगाते नजर आए। इस वजह से शुक्रवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शनार्थियों की अधिक भीड़ भी नजर आई।

Posted By: Inextlive