इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायडू ने अपना फैसला बदल लिया है। रायडू फिर से मैदान में लौटना चाहते हैं इसके लिए उन्होंने बोर्ड को ईमेल भेजकर सूचना दे दी है।


चेन्नई (पीटीआई)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायडू ने संन्यास वापस लेने का फैसला कर लिया है। रायडू फिर से हैदराबाद के लिए खेलना चाहते हैं। रायडू ने इस बात की जानकारी हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के मेंबर रत्नाकर शेट्टी को दे दी है। 2019 वर्ल्डकप में टीम में चुने न जाने से निराश रायडू ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। भारत के दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अब फिर से क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई है। रत्नाकर शेट्टी ने पीटीआई से बातचीत में कहा, 'अंबाती रायडू ने संन्यास से वापस आने का डिसीजन लिया है। यही नहीं वह हैदराबाद के लिए सभी फाॅर्मेट के मैच खेलने के लिए तैयार हैं।' बता दें रायडू 10 सितंबर से टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे।लक्ष्मण ने बदला रायडू का फैसला


रायडू को संन्यास से वापस लाने में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण का अहम रोल रहा। शेट्टी बताते हैं कि लक्ष्मण ने रायडू को समझाया था कि वो रिटायारमेंट का फैसला वापस लें क्योंकि उन्होंने जो कदम उठाया वो जल्दबाजी में लिया फैसला था। रायडू ने जब अपने सीनियर खिलाड़ियों से बातचीत की उसके बाद उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ। वर्ल्डकप में नहीं चुने जाने से निराश थे

33 साल के अंबाती रायडू ने वर्ल्डकप में चयन नहीं होने से निराश होकर क्रिकेट को अलविदा कहा था। भारत के दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को विश्वकप 2019 में स्टैंड बाॅय में रखा गया था। मगर विजय शंकर के बाहर होने के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट ने रायडू की बजाए मयंक अग्रवाल को टीम में शामिल कर लिया था जिससे रायडू और हताश हो गए और उन्होंने अचानक संन्यास ले लिया।भारत के लिए खेले 55 वनडेअंबाती रायडू ने भारत के लिए 55 वनडे खेले हैं जिसमें उन्होंने 47.05 की औसत से 1694 रन बनाए। हालांकि रायडू को कभी भारतीय टेस्ट टीम में जगह नहीं मिल पाई। बता दें टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कुछ महीनों पहले रायडू को चौथे नंबर का परफेक्ट बल्लेबाज बताया था मगर जब वर्ल्डकप टीम सलेक्शन की बारी आई तो रायडू की जगह विजय शंकर को 15 सदस्यीय टीम में जगह दी गई थी। शंकर के चयन पर चीफ सलेक्टर ने कहा था कि विजय 3डी खिलाड़ी हैं। यानी वह बैटिंग, बाॅलिंग और अच्छी फील्डिंग कर लेते हैं। इसको लेकर रायडू ने ट्वीट कर सलेक्टर्स का मजाक भी उड़ाया था।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari