Happy Birthday Amitabh Bachchan: अपने लंबे फि‍ल्‍मी करियर में बिग बी ने न जाने कितने मील के पत्‍थरों को छुआ है। आइए एक नजर डालते हैं कि ग्रह और नक्षत्र उनके आने वाले समय के बारे में क्‍या संकेत दे रहे हैं।

कानपुर (इंटरनेट डेस्‍क)। सदी के महानायक अमिताभ बच्‍चन 11 अक्‍टूबर को 78 वर्ष के हो जाएंगे। फिल्‍म इंडस्‍ट्री में 50 वर्ष पूरे कर चुके बिग बी अभी भी सक्रिय हैं। साल 2020 में उन्‍होंने न सिर्फ कोरोना वायरस को मात दी बल्कि कोविड 19 से ठीक होने के बाद स्‍क्रीन पर भी वापसी कर ली है। ज्योतिषाचार्य डॉक्टर त्रिलोकीनाथ बता रहे हैं कि अमिताभ बच्‍चन के लिए आने वाला समय कैसा रहने वाला है।

मंगल करवाएगा परिश्रम लेकिन ऊंचाई पर भी ले जाएगा
इस समय अमिताभ बच्‍चन की कुण्डली में शुक्र की महादशा चल रही है। यह भाग्येश की महादशा है। जो कि अमिताभ बच्चन को ऊंचाई पर ले जाएगी। जनवरी 2020 से मंगल का अन्तर चल रहा है जो कि मार्च 2021 तक चलेगा। मंगल कर्मेश है जो अत्यधिक परिश्रम तो करायेगा और अमिताभ बच्चन को ऊंचाई पर ले जाने में भी अहम भूमिका निभायेगा। अभी बुध का प्रत्यान्तर चल रहा है। जो जातक में प्रबल राजयोग की स्थिति बनाता है। मंगल, शुक्र जातक को अधिक ऊंचाई पर ले जाने और महिमामंडित करने की भूमिका निभाता है। लेकिन प्रत्यान्तर का मंगल जातक को उतनी ऊंचाई और ख्याति नहीं देगा जितना जातक अपेक्षा करेगा। हालांकि दो प्रबल मजबूत ग्रहों के कारण स्थितियां अनुकूल बनी रहेगीं।

दूर-दूर तक फैलेगी ख्‍याति
जनवरी 2022 से जुलाई 2022 तक शनि का प्रत्यान्तर चलेगा यह समय अनुकूल रहेगा। जातक सोच-समझकर कार्य करेगा और जातक की ख्याति में भी वृद्धि होगी। हो सकता है थोड़ा भागदौड़ ज्यादा करनी पड़े परिश्रम की भी अधिकता हो सकती है लेकिन स्थितियां अनुकूल रहेंगी है। जुलाई 2022 से दिसम्बर 2022 तक बुध का प्रत्यान्तर चलेगा। यह समय बहुत अनुकूल है। जातक का मह्त्व बढ़ेगा। जातक कोई बड़ा कार्य कर सकता है। जिससे उसकी ख्याति दूर दूर तक फैल सके। यह समय जातक के महत्व को बढ़ाने वाला और ख्याति देने वाला हो सकता है।

यह समय रहेगा अनुकूल
19 दिसम्बर 2022 से फरवरी 2023 तक केतु का प्रत्यान्तर चलेगा। इस बीच अनावश्यक उलझनों के कारण थोड़ा तनाव हो सकता है लेकिन केतु थोड़े समय के लिए है इसलिए बहुत चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। फरवरी 2023 से अगस्त 2023 तक शुक्र का प्रत्यान्तर चलेगा यह समय भी अनुकूल रहेगा। जातक का महत्व बना रहेगा। भाग्य भी साथ देगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य करने में जातक सफल हो सकता है।

मिलाजुला रहेगा समय
संक्षेप में हम कह सकते है कि 2021 से 2023 का समय मिलाजुला रहेगा जहां एक तरफ शुभ ग्रहों के अन्तर प्रत्यान्तर में कई महत्वपूर्ण ख्यातिवर्धक कार्य भी हो सकते है लेकिन इसी बीच जब अशुभ ग्रहों का अन्तर प्रत्यान्तर चलेगा। तो परेशानियां आयेगीं। स्वास्थ्य पर विशेष ध्‍यान देना होगा। मार्च 2021 से राहु का अन्तर चलेगा। जो पारिवारिक परेशानी का योग बना सकता है। यह वर्ष जातक के लिए लगभग उत्तम बना रहेगा। जिससे जातक प्रगतिशील एवं प्रशंसनीय स्थिति पाने में सफल रहेगा।

अमिताभ बच्चन का 20 से अधिक फिल्मों में रहा ये एक ही नाम, 'बिग बी' से जुड़ी 10 रोचक बातें जो शायद आज भी आपको न हो पता

Posted By: Shweta Mishra