यूपी के अनामिका शुक्ला मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। अनीता देवी नाम की इस महिला पर फर्जी तरीके से टीचर की नाैकरी का आरोप है।

अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश) (एएनआई)। उत्तर प्रदेश में अनामिका शुक्ला मामला इन दिनों काफी चर्चा में हैं। अब इस मामले में अनीता देवी को अंबेडकर नगर पुलिस ने अरेस्ट किया है। अनीता देवी को एक स्कूल में टीचर की नाैकरी के लिए जाली दस्तावेजों का उपयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। 10 जून को अनामिका शुक्ला गोंडा के बेसिक शिक्षा अधिकारी के सामने पेश हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि कस्तूरबा गांधी बालिका स्कूलों में नौकरी लेने के लिए उनके शैक्षिक प्रमाणपत्रों का दुरुपयोग किया गया।

मैनपुरी की एक महिला अनीता देवी गिरफ्तार

अनामिका शुक्ला के खिलाफ 25 अलग-अलग स्कूलों से एक साल से अधिक के वेतन में एक करोड़ रुपये से अधिक की निकासी के लिए प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद मामला सामने आया। इस मामले में एसपी अंबेडकरनगर आलोक प्रियदर्शी ने कहा मैनपुरी की एक महिला अनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद पता चला है कि उसने जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अनामिका शुक्ला के नाम से नौकरी कर रही थी। इस मामले में 6 जून को एक शख्स की गिरफ्तारी हो चुकी है।

Posted By: Shweta Mishra