राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई देने के साथ उनकी सुख-समृद्धि की मंगलकामना की है।


लखनऊ (ब्यूरो)। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि दीपों का यह पर्व समृद्धि का प्रतीक है। दीपावली का पर्व सभी लोगों के जीवन में उजाला लाए और  नई खुशियों का संचार करे। असली खुशी दूसरों के साथ अपनी खुशी बांटने में ही निहित है। हमें ऐसे पावन अवसरों पर अपने साथ उन्हें भी लेकर चलना चाहिए जो दुखी तथा जरूरतमंद हों। उन्होंने अभिभावकों तथा बच्चों से विशेष रूप से अपील की है कि खतरनाक और तेज आवाज वाले पटाखों से दूर रहें। साथ ही पटाखे जलाते समय सावधानी बरतें। राज्यपाल दीपावली पर्व पर राजभवन में रविवार पूर्वाह्न 11 से 12 बजे तक गणमान्य नागरिकों तथा वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट कर उन्हें बधाई भी देंगी।पर्यावरण के प्रति रहें सतर्क
मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि दीपावली असत्य, अन्याय व शोषण के खिलाफ संघर्ष और  विजय का उत्सव है। यह अंधकार पर प्रकाश, कपट व कटुता पर सरलता व सद्भाव की विजय का भी द्योतक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपावली के आयोजन की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा को 'दीपोत्सव' के आयोजन के माध्यम से पुनप्र्रतिष्ठित कर, संपूर्ण विश्व को अयोध्या की महिमा से परिचित कराने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से पर्यावरण के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पटाखों का उपयोग करते समय जागरुकता व संवेदनशीलता का परिचय दिया जाना चाहिए। lucknow@inext.co.in

Posted By: Shweta Mishra