ALLAHABAD: महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर का वार्षिक समारोह शनिवार को जोश और उमंग के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि स्वास्थ मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी सुहास एलवाई, सचिव प्रो। कृष्णा गुप्ता व प्रधानाचार्य सुष्मिता कानूनगो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। बच्चों ने भगवान गणेश की वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। सचिव प्रो। गुप्ता ने संस्थापक स्व। लोकमणि लाल की दूरदर्शिता व सोच पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि ने कहा कि यहां जो पारंपरिक व आधुनिकता का संतुलित संगम दिखा उसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि संघर्ष ही जीवन है कोई चीज आसानी से नहीं मिलती है। इसलिए चुनौतियों का सामना करने की आदत डालें। विद्यार्थियों ने राजस्थानी नृत्य की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति की। विद्यालय समिति के निदेशक मधुकर गुणे ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

तीन दिवसीय प्रदर्शनी शुरू

विशाल संकल्प संस्था की ओर से शनिवार को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र की महात्मा गांधी कला वीथिका में तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी व मेयर अभिलाषा गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। इसमें युवा चित्रकार पंकज कुमार शर्मा द्वारा रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी 40 चित्रों की प्रदर्शनी लगी है। संस्था अध्यक्ष अंजलि विशाल की मलिन बस्ती की कन्याओं की समस्याओं से जुड़ी कविताएं व 15 फोटोग्राफ भी प्रदर्शित किए गए हैं।

Posted By: Inextlive