लूकरगंज स्थित श्यामा सदन से निकली शोभायात्रा

जगह-जगह अन्नकूट व गोवर्धन पूजा का आयोजन

ALLAHABAD: कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा सोमवार को अन्नकूट का प्रसिद्ध पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्री ब्रज रस रसिक मंडल, लूकरगंज की ओर से निकली श्रीकृष्ण-बलराम की झांकी ने शहरियों का मन मोह लिया। शहर में जगह-जगह अन्नकूट व गोवर्धन पूजा का आयोजन विधि-विधान से किया गया।

हाथी घोड़ा पालकी

लूकरगंज में विभिन्न स्थानों पर भक्तों ने श्रीकृष्ण-बलराम की आकर्षक झांकी का आरती-पूजन किया। श्री ब्रज रस रसिक मंडल के पदाधिकारी रास्ते भर 'हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की' जयकारा लगाते रहे। श्यामा सदन में आयोजित श्री गोवर्धन धारण लीला की मनमोहक प्रस्तुति की गई। मुख्य अतिथि निम्बार्क आश्रम के महंत राधा माधवदास ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डाला।

भजनों ने मन मोहा

ओंकार दत्त गौतम व आरके त्रिपाठी ने भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित भजनों की प्रस्तुति की। मंडल के संरक्षक धनंजय पांडेय, दुर्गा प्रसाद निगम, अमरजीत सिंह, अतुल निगम आदि मौजूद रहे।

फूलों से किया श्रृंगार

मुट्ठीगंज स्थित श्रीराधा-कृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का श्रृंगार विभिन्न फूलों से किया गया। केपी ट्रस्ट के पूर्व महामंत्री कुमार नारायण की अगुवाई में सामूहिक रुप से भक्तों ने गोवर्धन पूजन किया। जगह-जगह सामूहिक रुप से एकत्र होकर महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया और माता अन्नपूर्णा की पूजा की।

Posted By: Inextlive