-कई बार हुई झड़प, पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा

-धालभूमगढ़ के एसडीओ की अगुवाई में चला अभियान

JAMSHEDPUR: 'साहब थोड़ी देर रूक जाओ, वरना मैं बर्बाद हो जाऊंगा। पूरी जिंदगी की मेहनत बेकार हो जाएगी। साहब हाथ जोड़ रहा हूं, पैर भी पकड़ रहा हूं। बस थोड़ा समय दे दो.' मंडे को साकची के कई व्यापारियों प्रशासन से यह गुजारिश की। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत जिला प्रशासन की टीम मंडे को दोबारा साकची पहुंची। धालभूमगढ़ के एसडीओ आलोक कुमार की अगुवाई में पूरी टीम ने साकची में एक छोर से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। जो भी मानक के विपरीत बना था, बुलडोजर ने गिराना शुरू कर दिया। फिर चाहे वह फुटपाथ पर ठेले का अतिक्रमण हो या फिर बड़े शोरूम का। बुलडोजर ने किसी को नहीं बख्सा।

झड़प के बीच हटा एन्क्रॉचमेंट

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एसडीओ आलोक कुमार की अगुवाई में भारी पुलिस फोर्स के साथ बुलडोजर मंडे मॉर्निग साकची पहुंचा। जहां बुलडोजर ने साकची के डालडा लाइन, मनिहारी बाजार, जलेबी मार्केट, मानसरोवर होटल के पास, टैंक रोड टिनाशेड के पास मानक से अधिक हुए निर्माण कार्य को गिराना शुरू कर दिया। अपनी दुकान को गिरता देख व्यापारियों ने कई बार विरोध किया। मगर अधिकारियों ने एक न सुनी। कई बार इसको लेकर व्यापारी और अधिकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई। विवाद इस कदर बढ़ गया कि पुलिस को मोर्चा लेना पड़ा। मगर अभियान में कोई रुकावट नहीं आई। कई जगह तो व्यापारी ही आपस में भिड़ गए। एक-दूसरे का सामान हटाने को लेकर उनके बीच भी कई बार बवाल हुआ।

साकची बाजार एरिया में बड़े लेवल पर अतिक्रमण किया गया था। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पब्लिक की कंप्लेंट पर ये अभियान चलाया जा रहा है। मानक के विपरीत बने सभी निर्माण कार्य को तोड़ा गया है। फिर चाहे वह छोटी दुकान हो या बड़ा शोरूम। बुलडोजर चलने के बाद साकची बाजार की असली सूरत नजर आ रही है।

-आलोक कुमार, एसडीओ धालभूमगढ़

Posted By: Inextlive