अनुष्का ने फिल्म 'बुलबुल' का फर्स्ट लुक किया रिवील, काफी रहस्यमयी है इसकी कहानी
नई दिल्ली (एएनआई)। वेब सीरीज 'पाताल लोक' के लिए जबरदस्त रिस्पांस मिलने के बाद अनुष्का एक और फिल्म 'बुलबुल' लेकर आ रही हैं। यह फिल्म अनुष्का शर्मा के प्रोडक्शन हाउस 'क्लीन स्लेट' के बैनर तले बनी है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर 24 जून को रिलीज होगी। हालांकि एक्ट्रेस ने इसका फर्स्ट लुक बुधवार को रिवील कर दिया। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए अनुष्का ने लिखा, 'आप सभी के सामने पेश है बुलबुल का फर्स्ट लुक।'
अनुष्का शर्मा ने शेयर किया फर्स्ट लुक
इस वीडियो में देखेंगे कि एक लड़की पेड़ों पर चढ़ती हुई हवा में उड़ रही और उसके पैर उल्टे हैं। इसे शेयर करते हुए अनुष्का ने आगे लिखा, 'बुलबुल, आत्म-खोज, और न्याय के बारे में एक शानदार कहानी है, जो रहस्य और साजिश में लिपटा हुई है। यह जल्द ही नेटफ्लिक्स इंडिया पर आ रही है।' 'रब ने बना दी जोड़ी' एक्ट्रेस अनुष्का ने 15 मई को शुरू होने वाले थ्रिलर शो अमेजन प्राइम वीडियो के 'पाताल लोक' के साथ अपने प्रोडक्शन की शुरुआत की। जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
क्या है बुलबुल की कहानी
बुलबुल एक सत्य नाम के लड़के की रहस्यमयी कहानी है। जिसके भाई की बाल वधु 'बुलबुल' से शादी हो जाती है। इसके बाद सत्य पढ़ाई करने इंग्लैंड चला जाता है। वहां से आने के बाद उसे पता चलता है कि उसके भाई ने बुलबुल को छोड़ दिया और वह गांव में ही लोगों की सेवा करके अपनी जिंदगी काटती है। तभी गांव में खबर उड़ती है कि एक महिला भूत बनकर सबको डरा रही। अब सत्य इसकी सच्चाई पता करने जाता है। यही फिल्म की कहानी है।