पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पर गोले दागे। पाकिस्तान की ओर से सीजफायर वायलेशन से भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर लगे गांवों में गोले दागे जाने से कुछ गांव वाले जख्मी हो गए हैं।

जम्मू (पीटीआई)। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पर राजौरी और पुंछ जिले में बृहस्पतिवार को भारी गोलीबारी की। यहां लगातार चौथा दिन है जब पाकिस्तान की ओर से युद्धविराम का उल्लंघन हुआ है। पाकिस्तानी सेना लगातार एलओसी पर गोले दाग रही है और गोलीबारी कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना जानबूझकर सिविलियन इलाके को निशाना बना कर गोले दाग रही है। एलओसी के नजदीक गांवाें में लोग गोले दागे जाने से जख्मी हो गए हैं। बृहस्पतिवार की सुबह नौशेरा सेक्टर में पाक सेना ने सिविलियन इलाके को निशाने पर लेकर फायरिंग शुरू कर दी।

नौशेरा और बालाकोट सेक्टर में शेलिंग

पाकिस्तानी फायरिंग में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया और गांव का एक व्यक्ति घायल हो गया। भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तानी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब दिया और जवाबी कार्रवाई करते हुए भारी गोलीबारी की। बुधवार को भी पाकिस्तान सैनिकों के दागे गए मोर्टार के गोले से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। एलओसी के नजदीक नौशेरा और बालाकोट सेक्टर के दर्जन भर गांवों को निशाना बनाकर पाकिस्तानी सेना ने गोले दागे थे। सीमा के नजदीक रह रहे लोगों को बंकरों में शरण लेनी पड़ी थी। भारी गोलीबारी से लोगों में डर का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से और बंकरों की मांग की है।

Posted By: Satyendra Kumar Singh