बसों में सीट के लिए रही मारामारी, कई रूटों पर बसों की कमी से परेशान रहे यात्री

Meerut। बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर लगा जाम। भाई दूज को लेकर जहां लोगों में उत्साह था, वहीं शहर में भागम-भाग का माहौल नजर आया। रोडवेज के दावों पर यात्रियो की भरमार भारी पड़ गई। रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ रही, वहीं शहर की सड़कों पर सारा दिन लगा रहा। हाईवे पर भी कमोवेश यही स्थिति रही।

कम रह गई बसें

भाई दूज के लिए 470 बसों की व्यवस्था की गई थी इसमें सबसे अधिक दिल्ली, गाजियाबाद रूट पर सबसे अधिक यात्रियों की भरमार रही। यात्रियों में भी महिला यात्रियों ने सबसे अधिक दिल्ली की तरफ सफर किया। देर शाम तक दिल्ली गाजियाबाद जाने वाली बसों में करीब 2700 महिलाओं ने सफर किया। मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर और मुरादाबाद जाने वाली बसों में भी महिला यात्रियों की संख्या अधिक रही। इन रूटों पर भी 7000 से अधिक महिला यात्रियों ने बसों में सफर किया। आरएम नीरज सक्सेना ने बताया कि सभी रूटों पर बसों की पूरी उपलब्धता रही। यात्रियों का लोड सुबह और शाम अधिक रहा।

ट्रेनों का भी इंतजार

वहीं रेलवे स्टेशन पर भाई दूज की भीड़ देखने को मिली। पैसेंजर बोगियों में सीट के लिए काफी मारामारी रही। कई एक्सप्रेस ट्रेनों की रिजर्वड बोगियों में भी यात्रियों ने जबरन घुसकर सफर को पूरा किया। स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी जीआरपी और आरपीएफ लगातार चेकिंग करते हुए दिखे। देर शाम तक ट्रेनों की सभी बोगियां फुल रहीं और यात्री सीट न मिलने के कारण बोगियों के पावदान पर बैठकर सफर करते दिखे।

Posted By: Inextlive