- सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ी की कमान होगी सहजनवां के अरविंद गिरि के हाथ

SAHJANWA: इस बार गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड में गोरखपुर का लाल धमाल मचाएगा। मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति के सामने देश अपनी सामरिक ताकत का प्रदर्शन कर रहा होगा उस समय सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ी की कमान गाहासांड़ सहजनवां के अरविंद गिरी के हाथों में होगी। गाहांसाड़ समेत पूरे इलाके के लोग गर्व भरे इस क्षण का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं वहीं सीमा सुरक्षा बल के डिप्टी कमांडेंट अरविंद गिरी राजपथ पर अभ्यास में पसीना बहा रहे हैं।

2005 में ज्वाइन किया बीएसएफ

गणतंत्र दिवस महोत्सव में राजपथ पर गौरवशाली मार्च पास्ट में हिस्सा लेना किसी भी जवान का सपना होता है। अरविंद गिरी का यह सपना पूरा होने वाला है। मुरारी इंटर कॉलेज सहजनवां से इंटर करने के बाद गोरखपुर यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान अरविंद गिरी ने एनसीसी ज्वाइन किया। तभी से परेड कमांडर के रूप में राजपथ पर चलने का सपना देखा था। गोरखपुर एनसीसी ग्रुप के बेस्ट कैडेट रहे अरविंद ने सी सर्टिफिकेट ए ग्रेड से पास किया। साल 1999 में स्नातक उत्तीर्ण करने के बाद अरविंद ने सीमा सुरक्षा बल में अधिकारी बनने की तैयारी की और 2005 में बीएसएफ को बतौर असिस्टेंट कमांडेंट ज्वाइन किया। राजपथ पर सभी सुरक्षा बलों की टुकडि़यां मार्च करने में गर्व महसूस करती हैं। इसके लिए साल भर तैयारी और कई दौर के चयन प्रक्रिया से गुजरना होता है। सीमा सुरक्षा बल का नेतृत्व डिप्टी कमांडेंट अरविंद गिरी करेंगे, उनके पीछे दो इंस्पेक्टर और उनके पीछे 144 जवानों की टुकड़ी राजपथ पर मार्च करेगी।

चार बार हुए हैं सम्मानित

बीते 10 सालों में अरविंद सीमा पर कई मोचरें पर तैनात रहे जिनमें आतंकवाद निरोधी अभियान प्रमुख रहे। बीएसएफ के जांबाज कमांडो अरविंद गिरी साल 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों में कमांडो सुरक्षा टुकड़ी का नेतृत्व कर चुके हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए इन्हें चार बार महानिदेशक सम्मान मिल चुका है। बाबा और मुरारी इंटर कॉलेज में अंग्रेजी के प्रवक्ता रहे अर्जुन गिरी, अरविंद के आदर्श रहे। पिता सुभाष चंद गिरी, मां मीना देवी, भाईयों पंकज, नीरज समेत सभी मित्र और रिश्तेदारों ने अरविंद को शुभकामना दी है।

Posted By: Inextlive