RANCHI: झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में एक कार्यकर्ता मात्र 30 वोटरों को भाजपा के साथ खड़ा करता है तो हम इस बार भी लोकसभा की तरह चुनाव शान से जीतकर पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार बनाएंगे। लोहरदगा से भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पहचान पत्र की योजना का भी शुभारंभ किया गया। नड्डा ंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा से जुड़ना भाग्य की बात है, क्योंकि भाजपा को छोड़कर बाकी सभी पार्टियां वंशवाद और परिवारवाद पर टिकी हैं। लोकतांत्रिक संरचना और अपने विचारों के कारण ही भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। हमारे सदस्यों की संख्या से 7 देशों की आबादी भी ज्यादा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने देश को नई दिशा दी है। मोदी और शाह का कहना है कि अभी अच्छे दिन बाकी हैं, अभी बंगाल बाकी है। झारखंड के बाद बंगाल, ओडिशा समेत अन्य विधानसभा चुनाव भी जीतना अभी बाकी है। कहा कि झारखंड के विकास को रफ्तार देने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को इस बार चुनाव में रिकार्ड जीत का संकल्प लेकर काम करना है।

जम्मू कश्मीर में आदिवासियों को प्रतिनिधित्व

बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को लोहरदगा के शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय बूथ सह शक्ति केंद्र कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। लोहरदगा की धरती से आदिवासी वोटरों को साधते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि अभी जम्मू-कश्मीर का परिसीमन होगा। इसके बाद एसटी और एससी के लिए सीटें भी निकलेंगी। वहां के आदिवासी भी जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व कर पाएगा। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने का विरोध विपक्षी दल सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के कारण करते रहे हैं। इसके हटाने से इनका वोट बैंक ही खत्म नहीं हुआ, बल्कि इनकी रोजी-रोटी भी खत्म हो गई।

इस बार 65 नहीं, 80 पार सीटें चाहिए: सीएम

लोहरदगा में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि इस बार 65 नहीं, बल्कि हमें 80 पार सीटें लानी है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता जी-जान में जुट जाएं। जनता भाजपा की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। भाजपा ने जिस तरह से जनता के हित में विकास कार्य किए हैं, उसके बाद इस बार हम 80 पार सीटें लाएंगे। उन्होंने कहा विकास के लिए स्थाई सरकार का होना जरूरी है। हम सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हैं कि इस बार भी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।

जेएमएम पर बड़ा हमला

सीएम ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर बड़ा हमला बोला है। कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने झारखंड की अस्मिता के साथ खिलवाड़ किया। जेएमएम ने यहां की जनता के साथ विश्वास घात किया है जबकि भाजपा ने जनता से किया वादा पूरा करते हुए अलग झारखंड दिया। रघुवर ने कहा कि झारखंड आज तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। झारखंड के लोग आज गर्व से कहते हैं की हम झारखंडी हैं। पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं होने का दर्द हमने 14 साल सहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहरदगा से लोकसभा चुनाव में सुदर्शन चक्र चला था। इस बार विधानसभा चुनाव में भी लोहरदगा से जीत का आह्वान करते हैं।

प्लास्टिक मुक्त भारत बनेगा : अर्जुन मुंडा

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारत प्लास्टिक मुक्त बनेगा। हमारे प्रधानमंत्री ने जो सपना देखा है, हमें उसे मिलकर पूरा करना है। प्लास्टिक का उपयोग हमें पूरी तरह से बंद कर देना है। उन्होंने कहा कि भारत कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से जो वादा किया था, उसे 100 दिन से पहले पूरा कर के दिखाया है। आने वाले समय में हमें 65 प्लस का लक्ष्य पूरा करना है। उन्होंने कहा कि देश ने देखा है कि किसी प्रकार से भाजपा ने जनता से किया वादा निभाया है। उन्होंने कहा कि मोदी के कुशल नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। हमें भारत को दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बना कर पूर्वजों के सपने को पूरा करना है।

लोस जैसा विस चुनाव में भी काम करें कार्यकर्ता : गिलुवा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है। हम सभी को झारखंड में पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी है। चुनाव में 65 प्लस का लक्ष्य है। लोक सभा चुनाव की तरह कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव में भी जुट जाएं। बूथ जीता तो चुनाव जीता के नारे के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि पूर्ण बहुमत की सरकार के कारण ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता को मिल पा रहा है। हमें एक-एक बूथ में पूरी सजगता के साथ काम करना है। कार्यकर्ताओं के दम पर ही हम चुनाव में विजय पताका लहराएंगे। कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूर्ण समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।

Posted By: Inextlive