रांची : झारखंड के राज्यसभा सदस्य समीर उरांव के ऊपर सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे इटकी थाना क्षेत्र के गड़गांव में जानलेवा हमला हुआ। इस हमले में समीर उरांव बाल-बाल बचे। चलती स्कार्पियो में समीर उरांव को लक्ष्य कर पत्थरबाजी की गई। अपने स्कॉर्पियो में समीर जिस जगह बैठे थे उसके नीचे सात पत्थर लगे। एसएसपी अनीश गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, जिसका सत्यापन करवाया जा रहा है। जो भी दोषी होंगे, उनपर कार्रवाई होगी।

क्या है मामला

बताया जाता है कि सांसद समीर उरांव अपने सहयोगी कार्यकर्ता विनोद भगत, घसिया उरांव, पीए आलोक उरांव व अंगरक्षक संतोष उरांव के साथ लोहरदगा से रांची लौट रहे थे। वे गुमला में भाजपा के सदस्यता अभियान के बाद लोहरदगा में बुधु भगत फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद रांची लौट रहे थे। बेड़ो से जैसे ही उनकी गाड़ी आगे बढ़ी, इटकी थाना क्षेत्र के गड़गांव में बकरीद को लेकर जमा भीड़ वाले स्थान पर उनके वाहन पर पत्थरबाजी की गई।

इटकी थाने में रिटेन कंप्लेन

जानलेवा हमला के मामले में राज्य सभा सांसद समीर उरांव ने इटकी थाने में लिखित शिकायत की है। उन्होंने इस घटना के पीछे किसी साजिश की आशंका जताई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

चिंगारी देखकर लगा जैसे गोली चल रही है

राज्यसभा सांसद समीर उरांव के पीए आलोक उरांव ने बताया कि गाड़ी पर पत्थर लगने से चिंगारी निकली। लगा जैसे गोली चल रही है। वे लोग तेजी से गाड़ी भगाते हुए इटकी से पहले सिंह पेट्रोल पंप पहुंचे। गाड़ी से ही एसएसपी को इसकी सूचना दी, जिसके बाद इटकी व बेड़ो थाने की पुलिस भी सिंह पेट्रोल पंप पर पहुंच गई।

Posted By: Inextlive