सुलेम सराय पेट्रोल पंप की घटना, साथियों से किसी बात पर हुआ था विवाद

ALLAHABAD: किशोर की किस्मत अच्छी थी कि वह बच गया। वरना हमला इतना खतरनाक था कि जान भी जा सकती थी। मामला सुलेमसराय के एक पेट्रोल का है। यहां शनिवार को आपसी विवाद में कुछ युवकों ने एक किशोर को पहले गोली मारी फिर बम से हमला किया। बावजूद इसके वह बच गया। गोली उसके कंधे में लगी है। एसआरएन हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है।

एडमिशन के लिए गया था

केंद्रांचल कालोनी के रहने वाले 18 वर्षीय करन सिंह के पिता चंद्रभान सिंह आईटीबीपी में तैनात हैं। शनिवार को बीए में एडमिशन लेने निकला था। दोपहर बाद वह घर लौट रहा था तभी सुलेम सराय स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। दोनों पक्षों में काफी देर तक बातचीत चलती रही। अचानक विवाद शुरू हो गया। इसी बीच स्कूटी सवार युवकों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने पहले उसे तमंचे से गोली मारी फिर बम से हमला किया। गोली सीधे करन के कंधे पर लगी और वह गिर पड़ा। यह देख आसपास खड़े लोग जब तक वहां पहुंचते स्कूटी सवार भाग खड़े हुए। करन को एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तीन थी हमलावरों की संख्या

हमलावरों के नाम ऋषभ और सविकेश बताया जा रहा है। तीसरे की पहचान नही हो सकी है। जानकारी के मुताबिक चारों की आपस में जान पहचान है और स्कूटी सवार करन से किसी लूट की घटना को अंजाम देने की बात कर रहे थे। जब वह राजी नही हुआ तो तीनों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस करन की अपराधिक हिस्ट्री तलाश रही है।

छेड़खानी का विरोध करने पर महिला की पिटाई

धूमनगंज के ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली एक महिला ने पड़ोस के रहने वाले अभिषेक तिवारी उर्फ अंकित पुत्र रमाकांत के खिलाफ छेड़खानी व विरोध करने पर पिटाई का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक महिला अपने मायके में बूढ़ी मां के साथ रहती है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला अभिषेक अक्सर उसे गलत निगाह से देखता था। दो दिन पहले महिला के पास आकर अश्लील हरकत करने लगा और विरोध करने पर चश्मा भी तोड़ दिया। इसके बाद महिला को सड़क पर घसीटकर भी पीटा। महिला का आरोप है कि अंकित ने पहले भी ऐसी हरकतें करने की कोशिश की थी और उसके परिजनों को बताने पर वह बेटे का पक्ष लेकर लड़ने पर उतारू हो जाते हैं। फिलहाल इंस्पेक्टर धूमनगंज एसके मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Posted By: Inextlive