- नगर निगम के तीनों प्लांट कर रहे काम

- अभी पिछले दिनों इफ्को ने दिया था खाद खरीद का ऑर्डर

- कोई भी निगम कार्यालय में संपर्क कर ले सकता है खाद

आगरा। अगर आप अपने घर में बागवानी के शौकीन हैं तो आपको ऑर्गेनिक खाद खरीदने के लिए कहीं भटकने की आवश्यकता नहीं। आप निगम कार्यालय या प्लांट पर संपर्क कर बल्क में खाद खरीद सकते हैं। नगर निगम ने अपने तीनों प्लांट से खाद बेचने का काम शुरू कर दिया है। पिछले दिनों इफ्को ने एक हजार मीट्रिक खाद की खरीद का ऑर्डर दिया था। अभी तक ढाई सौ मीट्रिक खाद की आपूर्ति कर दी गई है। 180 एमटी की पैकिंग की जा रही है। इस बारे में नगर निगम के पर्यावरण अभियंता राजीव राठी ने कहा कि खाद उत्पादन की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। प्लांट या निगम कार्यालय से संपर्क कर खाद लिया जा सकता है।

तीन प्लांट पर तैयार हो रहा खाद

नगर निगम के तीन प्लांटों पर खाद तैयार किया जा रहा है। बता दें कि शहर में 750-800 मीट्रिक टन कूड़ा शहर में हर रोज निकलता है। नगर निगम के तीन प्लांट काम कर रहे हैं। इसमें कुबेरपुर में 20 एमटी, आईएसबीटी पर 1 एमटी और राजनगर में 2 एमटी खाद तैयार किया जा रहा है, जबकि नगर निगम के अफसरों का दावा है कि 100 वार्डो से जो कूड़ा कलैक्शन किया जा रहा है। उसे कुबेरपुर के सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में भेजा जाता है। कुबेरपुर में 20 एमटीडी का ही प्लांट काम कर रहा है। इसमें से गीले कूड़े से 3.5 एमटीडी मीट्रिक टन कंपोस्ट कर तैयार किया जा रहा है। वहीं दूसरे प्लांट जो राजनगर में काम कर रहे हैं, इसमें फूलों से प्रतिदिन 2 एमटीडी कंपोस्ट तैयार किया जा रहा है। आईएसबीटी पर एक प्लांट काम कर रहा है।

शहर में पांच कंपनियां कर रहीं कूड़े कलैक्शन का काम

शहर के 100 वार्डो से जो पांच कंपनियां कचरे का कलैक्शन कर रही हैं, उस कचरे को कुबेरपुर लैंडफिल साइट पर डंप किया जाता है। सूत्रों की मानें तो शहर में 750-800 मीट्रिक टन से ज्यादा कूड़ा कलैक्शन होता है। हालांकि नगर निगम की फाइलों में 712 से 720 मीट्रिक टन कूड़ा ही शहर में निकलता है। हकीकत में वर्तमान सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में हर दिन 20 मीट्रिक टन कचरे का का खाद तैयार किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive