-लुभावने ऑफर देकर इस बार धनतेरस पर हजारों वाहनों की डिलीवरी देने की तैयारी

-नए मॉडल के स्थान पर ग्राहकों ने पुरानों को ही दी तवज्जो

Meerut: इस बार दिवाली का त्योहार ऑटो मोबाइल कंपनियों के लिए नई सौगात लेकर आया है। दो पहिया वाहन हो या चार पहिया लोग धनतेरस के दिन डिलीवरी लेने के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। त्योहारी मौसम को कंपनी भी जमकर भुना रही हैं। पुराना माल निकालने के लिए जमकर ऑफर दे रही हैं। साथ ही कारों के साथ लोक लुभावने गिफ्ट देकर ग्राहकों को जमकर लुभाया जा रहा है। कंपनियों ने कई नए मॉडल की कारें व बाइक दिवाली के लिए लांच की थी। लेकिन मेरठ के ग्राहकों ने उन्हे सिरे से नकार दिया है। मेरठ के लोगों ने पूराने मॉडलों पर ही भरोसा जताया है। ऑटो मोबाइल बाजार के जानकारों का मानना है कि इस बार अकेले मेरठ से 500 करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की संभावना लग रही है। अकेले धनतेरस पर ही दुपहिया और चार पहिया वाहन लगाकर एक हजार से ज्यादा वाहनों की बुकिंग कंपनियों के पास है।

जमकर बिकी वैगन-आर

मारुति ने इस बार बलेनो के नाम से नई कार लांच की थी। लेकिन मेरठ के ग्राहकों ने उसे सिरे नकार दिया। दिवाली के मद्देनजर महज तीन से चार गाडियों की ही बुकिंग हुई है। जबकि वैगन-आर व स्वीफ्ट डीजायर को लोगों ने जमकर पसंद किया है। अकेले मेरठ शहर से ही धनतेरस पर सैंकड़ों गाडियों की डिलीवरी देनी है। इसके अलावा मारुति की अल्टो 800 ने भी लोगों के दिलों में जगह बनाई है। देहात में शादी में देने के लिए सबसे ज्यादा अल्टो की बुकिंग है।

आई-20 की जबरदस्त बुकिंग

हुंडई कंपनी की फाइव सीटर कार आई-20 को लोगों ने खासा पसंद किया है। आई-10, वरना, को पछाड़कर आई-20 शहर के लोगों की पसंदीदा गाड़ी बनी है। अकेले मेरठ शहर में 40 से ज्यादा गाडि़यों कि बुकिंग आई है। जिनकी दिवाली से पहले डिलीवरी देनी है। इसके अलावा हुंडई की इओन को भी इक्का-दुक्का लोगों ने बुक किया है।

जुपिटर को भी सराहा

मोपेड़ की बात करें तो शहर में सबसे ज्यादा बिकने वाला स्कूटर टीवीएस का जुपिटर है। जुपिटर ने एक्टिवा व एवीएटर को पूरी तरह पछाड़ दिया है। टीवीएस के शोरूम से दो सौ से ज्यादा स्कूटर की डिलीवरी धनतेरस पर होनी है।

पल्सर बनी पहली पसंद

युवाओं की अगर बात करें तो उनकी पहली पसंद बजाज की पल्सर 200 सीसी बाइक है। नए स्टाइल में पल्सर ने युवाओं को खूब लुभाया है। गढ रोड स्थित बजाज शोरूम से दो दर्जन पल्सर बाइक की धनतेरस पर डिलीवरी देनी है।

स्पलेंडर और एक्टिवा ढीली

इस बार सबसे ज्यादा बिकने वाली स्पलेंडर व एक्टिवा की बाजार में मांग कम ही रही। बामुश्किल दोनों दुपहिया वाहनों को ग्राहक मिले।

क्या कहना है इनका?

वैगन-आर एक घरेलू गाड़ी है। इसमें स्पेस भी काफी है। साथ ही बजट के हिसाब से भी ठीक है। इसलिए वेगनार को बुक किया है।

-सुरेन्द्र कुमार, सॉफ्टवेयर इंजीनियर

स्वीट डीजायर युवा गाड़ी है। पहले भी उसके पास स्वीफ्ट ही रही है। इसकी एक और खास बात है यह नो मेंटिनेंस कार है। इसलिए उसने दोबारा भी इसे ही खरीदना अच्छा समझा

-जोनी सिंह, स्टूडेंट

नई पल्सर का बहुत ही आकर्षक लुक है। चलती भी मजेदार है। मेरे दोस्त ने दो माह पहले पल्सर 200 सीसी खरीदी थी। बहुत ही अच्छे रिजल्ट रहे। इसलिए मैने भी इसे ही खरीदना उचित समझा।

-हिमांशु त्यागी, स्टूडेंट

जुपीटर चलाने का मजा ही कुछ और है। माइलेज के मामले में भी इसका कोई जवाब नहीं है। इसलिए उसने इसी को खरीदना ठीक माना।

-कशिश कसाना, स्टूडेंट

Posted By: Inextlive