जल संचयन का एक पाठ शिक्षा में करना होगा अनिवार्य

अतिथियों ने ली शपथ, घर से ही करेंगे जल संचयन की शुरूआत

कानून बनाना होगा सख्त, करनी होगा कार्रवाई

Meerut। जल संचय का पाठ शिक्षा में अनिवार्य करना होगा। भूजल स्तर बढ़ाने के लिए स्कूलों में अभियान चलाना होगा। बच्चों को बताना होगा कि किस प्रकार से जल संचय करना है। यदि अभी से जल संचय नहीं किया गया तो आने वाले पीढ़ी को पानी नहीं मिलेगा। आने वाले समय में पानी के लिए युद्ध होगा। यह बात दैनिक जागरण आई नेक्स्ट द्वारा मंगलवार को जल संचयन के मुद्दे पर आयोजित पैनल डिस्कशन में अतिथियों ने कही।

सबमर्सिबल है मुख्य कारण

पहले हैंडपंप से ही दैनिक दिनचर्या के लिए पानी उपयोग किया जाता था, लेकिन अब सबमर्सिबल से जल दोहन काफी बढ़ गया है। इसीलिए सबमर्सिबल से होने वाले अंधाधुंध जल दोहन पर अंकुश लगना चाहिए।

तालाबों को करें पुर्नजीवित

पैनल डिस्कशन में अतिथियों ने कहाकि प्रशासन की फाइलों में मेरठ में पहले 3 हजार से अधिक तालाब थे, लेकिन अब वे गायब हैं। प्रशासनिक आंकड़ों में सिर्फ चार सौ तालाब ही शेष हैं। दरअसल, तालाबों को पुर्नजीवित करने के लिए सार्थक प्रयास करने चाहिए।

कानून बनाना होगा सख्त

भूजल संचय के लिए सख्त कानून लाना होगा, तभी जल दोहन को रोका जा सकता है। प्रशासन को कानून को लागू करने की जिम्मेदारी लेनी होगी और शासन को उसकी लगातार मॉनिटरिंग करनी होगी। इसके बाद ही भूजल संचय हो सकेगा।

पानी के मीटर लगाने होंगे

शहर में हर घर में पानी का मीटर लगाने होंगे। पानी के मीटर के रीडिंग के हिसाब से लोगों से कर वसूलना होगा। मीटर लगने से पानी के दोहन पर रोक लगेगी।

जल संरक्षण की शपथ

जल संचयन के मुद्दे पर पैनल डिस्कशन में आए अतिथियों ने संजीदगी दिखाई, सभी ने एक स्वर में जल संचयन की शपथ ली। साथ ही उन्होंने इस अभियान को अपने घर से ही शुरू करने की बात कही।

जल संचय के लिए लोगों को जागरूक होना होगा। क्योंकि जल है तो कल है। लोगों को प्रण लेना होगा कि हम जल का दोहन नहीं करेंगे। जितनी पानी की आवश्यकता होगी उतना पानी ही उपयोग करेंगे।

आदित्य शर्मा

पानी बचाने के लिए हमें शहर और गांव में बने तालाबों को फिर से जीवित करना होगा। सरकार से हम ज्यादा उम्मीद नहीं करते। हम लोगों को खुद ही इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। पानी के रिसाईकिल के लिए कुछ करना होगा।

प्रमोद दीक्षित

मैं एक शिक्षक हूं। मैं अपने विद्यालय के स्टूडेंट व अभिभावकों को भूजल संचय के लिए जागरूक करूंगा। उनको बताऊंगा कि पानी का उपयोग उतना ही करें जितनी आवश्यकता हो। लोगों में इसी प्रकार जागरूकता फैलानी होगी।

अभिषेक पांडे

भूजल के गिरते स्तर को रोकने के लिए तालाबों से अतिक्रमण हटाना होगा। उनका संरक्षण करना होगा। बारिश के पानी के संरक्षण के लिए सार्थक कदम उठाए जाने चाहिए।

संजीव कुमार शर्मा

हमें अपने स्तर से पानी को बचाने के लिए मुहिम शुरू करनी होगा। लगातार गिर रहा भूजल स्तर चिंताजनक है। सरकार ऐसा कानून लाए कि हर घर में जल संचय के लिए कुछ न कुछ होना चाहिए। बारिश के पानी को संचय करने की व्यवस्था हो।

प्रशांत कौशिक

पानी को बचाने के लिए स्कूलों के पाठयक्रम में एक पाठ इसका भी करना होगा। जिससे बच्चों में जागरूकता आए और उनसे परिवार में जागरूकता फैले। उन्हें बताना होगा कि आवश्यकता के अनुसार ही पानी का उपयोग करें।

सचिन शर्मा

जल संरक्षण के लिए जागरूकता फैलानी होगी। अगर हमने अभी कोई सार्थक कदम नहीं उठाए तो हमें विकराल जल संकट से जूझना होगा। जल संचयन के लिए प्रयास निरंतर करने होंगे। तब जाकर मुहिम सार्थक होगी। एक दूसरे का इंतजार किए बगैर आगे आना होगा।

नीतू शर्मा

यदि हम शहर में वॉटर लीकेज की समस्या को खत्म कर दें इससे ही हम बहुत अधिक पानी बचा सकते हैं। शहर में कई स्थान ऐसे हैं जहां पर लगातार पानी की लीकेज रहती है। संबंधित विभाग को इसके लिए मेहनत करनी होगी।

देवेंद्र कुमार मित्तल

कामर्शियल उपयोग में आने वाले पानी की रिसाइकिल करना होगा। उद्योगों में सबसे ज्यादा पानी का दोहन होता है। आरओ व एसी से निकलने वाले पानी का उपयोग करना होगा। इसी प्रकार की छोटी-छोटी बचत से भूजल संचय हो पाएगा।

ममता मित्तल

पानी टंकियो या फिर जहां भी पानी का स्टोरेज होता है वहां पर ओवरफ्लो के लिए एक अलार्म लगाना चाहिए। जिससे ओवर फ्लो होने पर अलार्म बज जाए। इस प्रकार से भी पानी की काफी बचत की जा सकती है। क्योंकि पानी टंकी से भी काफी पानी नालियों में बह जाता है।

प्रीति त्यागी

हमको विभिन्न स्तर पर पानी बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम करने होंगे। सबसे पहले अपने घर से ही इसकी शुरूआत करनी होगी। साथ ही लोगों को वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए जागरूक करना होगा।

अनुभव राठी

जल बचाने के लिए सबसे पहले जहां-जहां सबमर्सिबल लगे है उनसे कर वसूलना चाहिए। साथ ही सरकारी वॉटर लीकेज को विभागों को सार्थक पहल करनी होगी। लीकेज की सूचना होने पर तुरंत उसको ठीक करना होगा।

शेखर माथुर

हमें सबसे पहले बारिश के पानी को संचय करने की व्यवस्था करनी होगी। इसके बाद कोई और काम करना होगा। कृषि में भी हमको आधुनिक तकनीक का उपयोग करके कम पानी से होने वाली फसलों को उगाना होगा।

संजना वत्स

यदि पानी को बचाना है तो जैसे हम बैंक में बच्चों के भविष्य के लिए पैसों की बचत करते हैं उसकी प्रकार पानी की भी बचत करनी होगी। अपने घर से इसकी शुरूआत करनी होगी। बच्चों को पानी बचाने के लिए जागरूक करना होगा।

गुलशाद अली

मेरठ शहर में 14 तालाब है सबसे पहले प्रशासन को उनको पुनर्जीवित करना होगा। बारिश के पानी का सरंक्षण के लिए सख्ती से नियम को लागू करना होगा। इसके लिए स्कूल स्तर पर भी बच्चों में जागरूकता अभियान चलाना चाहिए।

रमन त्यागी

सबमर्सिबल का उपयोग होने से सबसे ज्यादा पानी का मिसयूज होता है। उस पर प्रतिबंध लगाकर सख्ती से नियम को लागू करना होगा। यदि आने वाली पीढी को पानी देना है तो पाठयक्रम में एक विषय सिर्फ जल संचयन का लागू करना होगा।

डॉ। अनवर शेख

जल संचय के साथ ही स्वच्छ पीने योग्य पानी के व्यवसायीकरण पर रोक लगानी होगी। पेयजल का दुरूपयोग करना कानूनी रूप से अपराध की श्रेणी में रखना चाहिए। जिससे लोग पानी का दोहन न कर सकें।

विनेश कुमार जैन

Posted By: Inextlive