कर्नलगंज थाना क्षेत्र के बख्शी बांध पर बदमाशों ने पैर में मारी गोली

मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने घायल से की पूछताछ, मामला संदिग्ध

ALLAHABAD: कर्नलगंज थाना क्षेत्र के बख्शी बांध पर बदमाशों ने भाजपा नेता अमरजीत सिंह को गोली मार दी और फरार हो गए। घायल ने घटना की सूचना प्राइवेट अस्पताल में पहुंचकर दी। इसके बाद एसपी सिटी कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस फिलहाल मामले को संदिग्ध मान रही है। एसपी सिटी व सीओ कर्नलगंज ने मौके पर क्राइम सीन दोहराया। देर रात तक पुलिस तहरीर का इंतजार करती रही। बता दें कि कुछ दिन पहले भी अमरजीत पर सिविल लाइंस एरिया में कुछ लोगों ने फायरिंग की थी। पुलिस ने तीन लोगों पर मामला दर्ज किया था।

कैंट थाना क्षेत्र के अशोक नगर मोहल्ले के वाले अमरजीत सिंह उर्फ मनु भाजपा युवा मोर्चा में रहे हैं। रविवार को वे कुछ दोस्तों के साथ चारपहिया वाहन से दारागंज जा रहे थे। बख्शी बांध पर गाड़ी से नीचे उतरे तभी बाइक से आए हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली दाएं पैर में लगने से वे जख्मी हो गए। साथियों ने प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव, कर्नलगंज सीओ अलोक मिश्रा कई थानों की फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे, पुलिस ने मनु से घटना के बारे में पूछताछ की।

पुलिस मामले को मान रही संदिग्ध

एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव मनु से घटना की जानकारी लेने के बाद साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। कर्नलगंज इंस्पेक्टर सत्येन्द्र सिंह का कहना है कि मौके पर जांच पड़ताल पर पता चला है कि भाजपा नेता बख्शी बांध नहीं गए थे। फिर यह घटना कहां हुई। इससे पहले भी अगस्त महीने में भाजपा नेता पर हमला हुआ था।

घटना की सही जांच पड़ताल की जा रही है। मौके पर पूछताछ में घटना की पुष्टि नहीं हो पायी है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बृजेश श्रीवास्तव, एसपी सिटी

बॉक्स

दो युवकों पर लगाया आरोप

पुलिस का कहना है कि अमरजीत ने गद्दोपुर फाफामऊ के तारिक व कटरा के आशुतोष जायसवाल पर हमले का आरोप लगाया है। अमरजीत का कहना है कि मुकदमा वापस नहीं लेने पर धमकी दी जा रही थी। 28 अगस्त को सिविल लाइंस में अमरजीत व तारिक के बीच टकराव के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग व तोड़फोड़ हुई थी।

Posted By: Inextlive