- लामबगड़ से पैदल आवाजाही कर रहे चार यात्री हुए चोटिल

- पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे के कारण हाईवे को खोलने में हो रही परेशानी

- बद्रीनाथ में 1300 यात्रियों को मार्ग खुलने का इंतजार

DEHRADUN: चमोली के लामबगड़ में बंद बद्रीनाथ हाईवे को तीसरे दिन भी नहीं खोला जा सका। हाईवे पर लगातार पहाड़ी से मलबा आने के कारण इसे खोलने में मुश्किलें सामने आ रही हैं। शनिवार को भी यात्रियों ने पैदल आवाजाही की। पहाड़ी से पत्थर आने के कारण चार यात्रियों को हल्की चोटें आई। हाईवे बंद होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे सुबह चुंगी बड़ेथी में छह घंटे व हेल्गूगाड़ में चार घंटे मलबा आने के कारण बंद रहा, जबकि यमुनोत्री हाईवे डाबरकोट में मलबा आने से तीन घंटे बंद रहा। केदारनाथ गौरीकुंड हाईवे भी सुबह दो स्थानों पर बंद रहा। मार्ग को दोपहर बाद यातायात के लिए खोल दिया गया।

लैंड स्लाइडिंग के कारण बंद है हाईवे

लैंड स्लाइडिंग के कारण चमोली के लामबगड़ में बद्रीनाथ हाईवे बीते तीन दिनों से बंद है। शनिवार को हाईवे के खुलने की उम्मीद थी, लेकिन लेकिन पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने से हाईवे को नहीं खोला जा सका। लामबगड़ में बनाए गए पैदल रास्ते से यात्रियों की आवाजाही जारी रही। पहाड़ी से मलबा गिरना जारी रहने के बावजूद यात्रियों ने जान जोखिम में डालकर आवाजाही की। पैदल मार्ग से आवाजाही करते समय पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से मध्य प्रदेश के चार यात्रियों को हल्की चोटें भी आईं। एसडीआरएफ की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांडुकेश्वर लाया गया। जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हाईवे बंद होने के कारण बद्रीनाथ धाम में करीब 1300 यात्री रुके हुए हैं। यह यात्री निजी वाहनों से बद्रीनाथ की यात्रा पर आए हैं और पिछले तीन दिन से मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं। उधर, मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में अगले चौबीस घंटे मौसम सामान्य रहेगा। कुछ पहाड़ी जिलों में बारिश हो सकती है।

Posted By: Inextlive